सेवा, संस्कार और सौहार्द का अनुपम संगम : जिला गवर्नर का लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर का सफल आधिकारिक दौरा

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 9 जून 2026/असम.समाचार
लायन्स क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर के लिए रविवार को जिला गवर्नर लायन पंकज पोद्दार का आधिकारिक दौरा सेवा, नेतृत्व, प्रेरणा एवं उत्सव का एक यादगार अवसर बन गया। पूरे दिन आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों ने समाजसेवा के प्रति क्लब की प्रतिबद्धता तथा लायनवाद के उच्च आदर्शों को सशक्त रूप से प्रदर्शित किया।
दौरे का शुभारंभ स्थानीय नारायण नगर स्थित हरियाणा भवन के प्रांगण में क्लब के कौशल विकास केंद्र से हुआ। केंद्र की अध्यक्षा लायन बबीता चौधरी एवं सलाहकार लायन नीरू काबरा ने जिला गवर्नर को महिलाओं के सशक्तिकरण हेतु संचालित विभिन्न प्रशिक्षण कार्यक्रमों—मेहंदी कला, सिलाई, केक निर्माण एवं ब्यूटीशियन कोर्स—की विस्तृत जानकारी दी। इन प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से अनेक महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने का अवसर प्राप्त हो रहा है।
क्लब के अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा ने जिला गवर्नर का हार्दिक स्वागत किया। इस अवसर पर क्लब द्वारा जरूरतमंद एवं आर्थिक रूप से कमजोर लाभार्थियों को 6 सिलाई मशीनें प्रदान की गईं। यह पहल केवल सहायता नहीं, बल्कि अनेक परिवारों के लिए आत्मनिर्भरता और सम्मानजनक आजीविका की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध होगी।
इसके पश्चात जिला गवर्नर ने क्लब के निशुल्क स्थायी पुस्तकालय केंद्र का अवलोकन किया। लायन पुरुषोत्तम गग्गर एवं लायन रूपा गग्गर ने पुस्तकालय की कार्यप्रणाली, उपलब्ध अध्ययन सामग्री तथा समाज में पठन-पाठन की संस्कृति को बढ़ावा देने हेतु किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी। जिला गवर्नर ने इस ज्ञान-वर्धक परियोजना की सराहना करते हुए इसे समाज के लिए अत्यंत उपयोगी पहल बताया।
दोपहर में आयोजित आधिकारिक बोर्ड बैठक में जिला गवर्नर ने क्लब की प्रशासनिक गतिविधियों एवं अभिलेखों की समीक्षा की, स्थानीय प्रदर्शन मानकों का विश्लेषण किया तथा क्लब नेतृत्व को वैश्विक स्तर पर लायनवाद की वर्तमान स्थिति और भविष्य की दिशा से अवगत कराया। उनके मार्गदर्शन ने उपस्थित पदाधिकारियों एवं सदस्यों को नई ऊर्जा और प्रेरणा प्रदान की।
सायंकालीन सभा का शुभारंभ लायन नमिता कोठारी द्वारा प्रस्तुत मंगलमय आवाहन इन्वोकेशन से हुआ इसके पश्चात लायन सुमित झवर के नेतृत्व में ध्वज बंदन संपन्न हुआ, जिसमें सभी उपस्थित सदस्यों ने लायन आंदोलन के आदर्शों एवं मानव सेवा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता को व्यक्त किया ।
सायंकालीन कार्यक्रम सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रहा। लायन वंदना मिंडा हेडा, लायन मीनाक्षी माथुर एवं लायन अमिता मोर द्वारा प्रस्तुत मनोहारी राजस्थानी लोकनृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया और सभागार तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा।
कार्यक्रम का कुशल संचालन लायन अरविंद केजरीवाल ने मास्टर ऑफ सेरेमनी के रूप में किया। कार्यक्रम अध्यक्ष लायन संजय छाबड़ा ने सभी सदस्यों, अतिथियों एवं गणमान्य व्यक्तियों का स्वागत किया।
क्लब के अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा के अध्यक्षीय उद्बोधन के पश्चात क्लब सचिव लायन रमेश जैन ने वर्षभर की सेवा गतिविधियों का संक्षिप्त प्रतिवेदन प्रस्तुत किया तथा एक प्रभावशाली पॉवरपॉइंट प्रस्तुति के माध्यम से क्लब द्वारा किए गए विविध सामाजिक एवं मानवीय सेवा कार्यों का विस्तृत विवरण साझा किया।
जिला गवर्नर लायन पंकज पोद्दार ने क्लब की वर्षभर की उत्कृष्ट सेवा गतिविधियों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की तथा मानव कल्याण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए क्लब को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय सम्मान एवं पुरस्कार प्रदान किए।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट गवर्नर-इलेक्ट लायन मनोज भजनका, प्रथम उप जिला गवर्नर-इलेक्ट लायन राजेश अग्रवाल एवं रीजन चेयरपर्सन लायन रूपा गग्गर ने भी अपने प्रेरणादायी विचार व्यक्त किए।
जिला 322 जी के विभिन्न पदाधिकारीगण एवं गुवाहाटी के विभिन्न लायन्स क्लबों से आए सदस्यों एवं पदाधिकारियों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को सौहार्द, मैत्री और भाईचारे के रंगों से और भी अधिक जीवंत बना दिया।
कार्यक्रम का समापन क्लब सचिव द्वारा प्रस्तुत धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।
इसके उपरांत वातावरण उत्सवमय हो उठा जब दो महत्वपूर्ण अवसरों का सामूहिक उत्सव मनाया गया। प्रथम, लायन्स क्लब्स इंटरनेशनल की वैश्विक स्थापना वर्षगांठ का गौरवपूर्ण स्मरण किया गया तथा द्वितीय, जून माह में जन्मे एवं विवाह वर्षगांठ मना रहे सभी सदस्यों का केक काटकर सम्मानपूर्वक अभिनंदन किया गया।
क्लब के जनसंपर्क अधिकारी ने बताया कि कार्यक्रम के अंत में सावर जी भोज का भी आयोजन किया गया और पूराश्र आयोजन सेवा, समर्पण, नेतृत्व और मित्रता की भावना का जीवंत उदाहरण रहा। यह दौरा न केवल क्लब की उपलब्धियों का उत्सव था, बल्कि समाजसेवा के प्रति उसके सतत संकल्प और मानवता की सेवा के आदर्शों को नई ऊँचाइयों तक ले जाने की प्रेरणा भी बना।



