लाओखोवा रोड युवा संघ द्वारा श्री श्री गणेश पूजा का भव्य आयोजन, उमड़ा श्रद्धालुओं का जनसैलाब
स्थानीय विधायक रूपक शर्मा ने टेका मत्था; असम में बाढ़ के चलते सादगी से संपन्न हुआ एकदिवसीय धार्मिक अनुष्ठान

विकास शर्मा,
नगांव 15 सितंबर 2026/असम.समाचार
लाओखोवा रोड युवा संघ (हैबरगांव, नगांव) के तत्वावधान में श्री श्री गणेश चतुर्थी के पावन अवसर पर एकदिवसीय भव्य गणेश पूजा एवं यज्ञ अनुष्ठान अत्यंत श्रद्धा व धूमधाम के साथ संपन्न हुआ। सुबह से ही पूजा पंडाल में विघ्नहर्ता भगवान श्री गणेश के दर्शन एवं आशीर्वाद प्राप्त करने के लिए हजारों की तादाद में श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। ‘गणपति बप्पा मोरया’ के जयकारों से पूरा क्षेत्र भक्तिमय हो उठा।

धार्मिक कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 7:00 बजे धर्मध्वज उत्तोलन के साथ हुई। ध्वजारोहण संघ के अध्यक्ष एवं 22 नंबर वार्ड के वार्ड आयुक्त दीप लिगिरा द्वारा संपन्न किया गया। इसके उपरांत सुबह 8:00 बजे दीप प्रज्वलन, 8:30 बजे से विधि-विधान पूर्वक पूजा अर्चना तथा 11:02 बजे पवित्र होम यज्ञ का आयोजन हुआ। दोपहर 2:00 बजे पुष्पांजलि एवं नाम-कीर्तन के बाद श्रद्धालुओं के बीच महाप्रसाद और भोग वितरण किया गया।
शाम को संघ द्वारा महाआरती और भव्य नाम-कीर्तन का आयोजन हुआ। इस दौरान नगांव-बटाद्रवा समष्टि के स्थानीय विधायक रूपक शर्मा ने पूजा पंडाल पहुंचकर भगवान गणेश की पूजा-अर्चना की और प्रदेश की सुख-शांति व समृद्धि की कामना की। विधायक शर्मा ने आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए उपस्थित श्रद्धालुओं को गणेश चतुर्थी की शुभकामनाएं दीं।
बाढ़ प्रभावितों के प्रति संवेदनशीलता
आयोजन समिति ने एक मिसाल पेश करते हुए जानकारी दी कि राज्य के शिवसागर, जोरहाट और चराईदेव जिलों में हालिया बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए और पीड़ितों के प्रति संवेदना प्रकट करते हुए इस वर्ष गणेश पूजा को सादगी के साथ केवल एक दिन के अनुष्ठान के रूप में आयोजित किया गया।
इस भव्य आयोजन को सफल बनाने में युवा संघ के अध्यक्ष दीप लिगिरा, उपाध्यक्ष गौतम भट्टाचार्य, सचिव द्वय निपोन बरुआ व बिकाश धानुका, कोषाध्यक्ष प्रदीप्त बोरा व अभिजीत लिगिरा सहित संघ के समस्त कार्यकर्ताओं एवं स्थानीय जनता का सराहनीय योगदान रहा। मंगलवार दोपहर विसर्जन पूजा के उपरांत शोभायात्रा निकालकर प्रतिमा का विसर्जन सम्पन किया जाएगा।



