Blogअसमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंथर्ड आईनार्थ-ईस्टराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंशिक्षासामाजिक

धुबरी के चापर में 3200 मेगावाट ताप विद्युत परियोजना का शिलान्यास

48 हजार करोड़ रुपये की लागत से बनेगा अल्ट्रा सुपरक्रिटिकल पावर प्लांट, निर्माण चरण में 20 हजार और संचालन में 5 हजार रोजगार की संभावना

विकास शर्मा,

 

धुबरी, 20 सितंबर 2026/असम.समाचार

 

असम के धुबरी जिले के चापर में रविवार को राज्य की ऊर्जा क्षमता को बढ़ावा देने वाली बड़ी परियोजना की शुरुआत हुई। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने अडानी पावर लिमिटेड की 3200 मेगावाट क्षमता वाली अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल ताप विद्युत परियोजना की आधारशिला रखी। करीब 48,000 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली इस परियोजना को असम में होने वाले सबसे बड़े एकल निवेशों में शामिल बताया गया है।

कार्यक्रम में अडानी समूह के निदेशक जीत अडानी, राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी, उद्योग जगत के प्रतिनिधि और स्थानीय समुदाय के लोग मौजूद रहे।

परियोजना में 800-800 मेगावाट की चार इकाइयां स्थापित की जाएंगी। इसमें अल्ट्रा-सुपरक्रिटिकल तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा। परियोजना का चरणबद्ध संचालन दिसंबर 2030 से शुरू होने की उम्मीद है। निर्माण अवधि में करीब 20 हजार रोजगार और परियोजना के संचालन के बाद लगभग 5 हजार रोजगार सृजित होने का अनुमान है।

मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने कहा कि असम तेजी से पूर्वोत्तर के ऊर्जा केंद्र के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा कि चापर परियोजना एडवांटेज असम इन्वेस्टर समिट 2.0 से पैदा हुए निवेश विश्वास का परिणाम है। लगभग 48 हजार करोड़ रुपये का यह निवेश राज्य में अब तक के सबसे बड़े एकल निवेशों में से एक होगा। इससे रोजगार के साथ-साथ आर्थिक गतिविधियों और राज्य के एसजीएसटी राजस्व में भी वृद्धि होगी।

जीत अडानी ने कहा कि चापर परियोजना असम के विकास में एक नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि अडानी पावर इस परियोजना में 48 हजार करोड़ रुपये का निवेश करेगी, जिससे घरों, कारोबार और उद्योगों के लिए विश्वसनीय एवं किफायती बिजली उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना से स्थानीय ठेकेदारों, आपूर्तिकर्ताओं, परिवहन संचालकों और अन्य कारोबारियों के लिए भी अवसर पैदा होंगे।

असम में 63 हजार करोड़ का बिजली निवेश
चापर परियोजना असम में अडानी समूह के करीब 63 हजार करोड़ रुपये के बिजली क्षेत्र के निवेश का हिस्सा है। इसमें चापर ताप विद्युत परियोजना के अलावा अडानी ग्रीन एनर्जी लिमिटेड के माध्यम से करीब 15 हजार करोड़ रुपये की लागत से 2700 मेगावाट क्षमता वाले दो पंप्ड स्टोरेज प्रोजेक्ट शामिल हैं। वहीं, अडानी एनर्जी सॉल्यूशंस लिमिटेड राज्य में स्मार्ट मीटरिंग परियोजनाओं पर भी काम कर रही है।

समूह के अनुसार, बिजली, विमानन और सीमेंट समेत विभिन्न क्षेत्रों में असम में उसका कुल निवेश 80 हजार करोड़ रुपये से अधिक होगा। इन परियोजनाओं से अगले तीन-चार वर्षों में रोजगार, बुनियादी ढांचे और नए कारोबारी अवसरों के सृजन की उम्मीद जताई गई है।

अडानी पावर को अक्टूबर 2025 में प्रतिस्पर्धी बोली प्रक्रिया के जरिए 3200 मेगावाट की परियोजना स्थापित करने के लिए सफल बोलीदाता चुना गया था। इसके बाद नवंबर 2025 में कंपनी को असम पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (APDCL) की ओर से लेटर ऑफ अवार्ड जारी किया गया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!