नगांव में धूमधाम से मनाई गई महर्षि दधीचि जयंती
मंगल पाठ, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सम्मान समारोह ने बांधा समां

डिंपल शर्मा,
नगांव 20 सितंबर 2026/असम.समाचार
नगांव के श्री अग्रसेन भवन में महर्षि दधीचि जयंती श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री गणेश, महर्षि दधीचि, सालासर दरबार तथा मां दधिमती के सजे दरबार में विशेष पूजा-अर्चना के साथ हुआ।
इसके पश्चात श्री दाधीचि परिषद की महिला मंडल की सदस्यों द्वारा नन्हे-मुन्ने बच्चों से सजी विभिन्न झांकियों के साथ संगीतमय मंगल पाठ का आयोजन किया गया।
मंगल पाठ को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महिला मंडल की संयोजिका डिंपल शर्मा के साथ सुषमा शर्मा सहित अन्य महिला सदस्यों का सराहनीय योगदान रहा।
सांध्यकालीन सांस्कृतिक कार्यक्रमों की कड़ी में भजन गायक एवं श्री दाधीचि परिषद के अध्यक्ष पवन शर्मा ने गणेश वंदना की प्रस्तुति दी। इसके बाद उन्होंने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर भक्तिमय वातावरण बना दिया। अन्य भजन गायकों एवं कलाकारों ने भी मां दधिमती के दरबार में सुंदर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया।
कार्यक्रम के दौरान समाज के प्रतिभावान बच्चों ने विभिन्न सांस्कृतिक एवं नृत्य प्रस्तुतियां देकर आयोजन की गरिमा बढ़ाई। शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले समाज के बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए प्रशस्ति पत्र एवं धार्मिक दुपट्टा प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजक धनेश दाधीच तथा महिला मंडल की संयोजिका डिंपल शर्मा ने बारी-बारी से किया। इस दौरान महिला मंडल की ओर से समाज की मातृशक्ति का भी सम्मान किया गया।
श्री दाधीच परिषद की ओर से अध्यक्ष पवन शर्मा के मंच संचालन में समाज के गणमान्य नागरिकों का धार्मिक दुपट्टा पहनाकर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में समाजसेवी राधा रमन खाटूवाला एवं महावीर प्रसाद किल्ला विशेष रूप से उपस्थित रहे। दोनों का विशेष सम्मान श्री दाधीच परिषद के पूर्व अध्यक्ष एवं समाज के वयोवृद्ध नागरिक पंडित शिवकुमार दाधीच द्वारा किया गया। इस अवसर पर समाजसेवी राधा रमन खाटूवाला ने महर्षि दधीचि के जीवन एवं उनके तप, त्याग और समर्पण पर प्रकाश डालते हुए उन्हें महान तपस्वी बताया। उन्होंने कहा कि महर्षि दधीचि का जीवन समाज और मानवता के लिए त्याग एवं समर्पण की प्रेरणा देता है। समाजसेवी जगदीश धुत ने भी मां दधिमती के दरबार में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।
अंत में महाआरती के बाद सहभोज का आयोजन किया गया और इसी के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। आयोजन को सफल बनाने के लिए श्री दाधीच परिषद के अध्यक्ष पवन कुमार शर्मा एवं सचिव संजय कुमार शर्मा ने सभी समाजबंधुओं, महिला मंडल, कलाकारों एवं सहयोगियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया।



