असम.समाचार(स्पेशल)
“गर्मी से बेहाल लोग पहुंचे भालुकपोंग: पहाड़ों से गिरते झरनों में मिली राहत, भीड़ को देख सुरक्षा के खास इंतजाम”

जयप्रकाश अग्रवाल
तेजपुर, 15 जुलाई(असम.समाचार)
तेजपुर और आसपास के क्षेत्रों में पिछले कुछ दिनों से जारी भीषण गर्मी और तपिश से परेशान लोगों के लिए भालुकपोंग राहत स्थल बनकर उभरा है। असम-अरुणाचल सीमांत पर स्थित इस हिल स्टेशन में प्राकृतिक झरनों से गिरते ठंडे पानी की फुहारें लोगों को सुकून दे रही हैं।
गर्मी से निजात पाने के लिए यहां लोगों की भीड़ उमड़ रही है। पहाड़ों की गोद में बसे इस स्थान पर उमस और लू से राहत पाने वालों की संख्या में अचानक इज़ाफा हुआ है। इसी को देखते हुए स्थानीय प्रशासन ने पर्यटकों की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त इंतज़ाम किए हैं।



