अंतरराष्ट्रीयअपराधअसमअसम.समाचार(स्पेशल)एक्सक्लूसिव खबरेंतीसरी आंखपुलिस बुकमुद्दा गरम हैराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

दुबई की उड़ानें, पाकिस्तान की कड़ी और 44 एटीएम कार्ड,तेजपुर की ज्योतिका की कहानी ने सबको चौंकाया

विदेशी धन लेन–देन मामले में गिरफ्तार ज्योतिका कलिता जेल भेजी गई, पाकिस्तानी कनेक्शन से राज्य में हड़कंप

हेमंत कुमार नाथ

तेजपुर 13 दिसंबर 2025/असम.समाचार

विदेशी धन लेन–देन से जुड़े एक बड़े मामले में गिरफ्तार की गई ज्योतिका कलिता को अदालत ने न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। तेजपुर पुलिस की इस कार्रवाई के बाद एक बार फिर पाकिस्तान कनेक्शन को लेकर राज्य भर में सनसनी फैल गई है।

पुलिस सूत्रों के अनुसार, तेजपुर के एक परिवार के बैंक खातों में दुबई से लगातार और असामान्य मात्रा में विदेशी धन जमा होने की सूचना मिलने के बाद मामला सामने आया। संबंधित बैंक की शिकायत पर तेजपुर पुलिस ने जांच शुरू की, जिसमें कई चौंकाने वाले तथ्य उजागर हुए।

जांच के आधार पर तेजपुर पुलिस ने केस संख्या 770/2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धाराएं 316(2), 380(4), 340(2) व 3(5) में मामला दर्ज कर चार लोगों ज्योतिका कलिता, जीतू कलिता, शिमु दास और अभिजीत दास (निवासी: बोरझार गांव, तेजपुर)को गिरफ्तार किया। पूछताछ के लिए ज्योतिका को पुलिस रिमांड में रखा गया, जबकि अन्य तीन आरोपियों को 5 दिसंबर को तेजपुर सेंट्रल जेल भेज दिया गया था।

पुलिस पूछताछ के दौरान ज्योतिका की गतिविधियों में पाकिस्तानी लिंक की आशंका और गहरी हो गई। गुरुवार को उसे मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी (सीजेएम) की अदालत में पेश किया गया, जहां से उसे तेजपुर जेल भेज दिया गया।

बताया गया है कि ज्योतिका ने इसी वर्ष 25 फरवरी को दुबई में एक पाकिस्तानी नागरिक से विवाह किया था। शादी के बाद वह दुबई सहित कई विदेशी देशों की लगातार यात्राएं करती रही। पुलिस ने ज्योतिका और उसके सहयोगियों के पास से 44 एटीएम कार्ड, 17 बैंक पासबुक और बड़ी संख्या में चेकबुक जब्त की हैं। साथ ही तेजपुर और दुबई के बीच उसकी बार-बार की यात्राओं के साक्ष्य भी मिले हैं।

इस संबंध में जानकारी देते हुए सोनितपुर के उप पुलिस अधीक्षक (डीएसपी) अंकुर बोरा ने बताया कि विदेशी धन लेन–देन की गहन जांच जारी है और सभी पहलुओं की बारीकी से पड़ताल की जा रही है।

गांव में पहले से था शक

बोरझार गांव सैकियाचुबुरी ग्राम विकास समिति के सचिव ललित कलिता ने बताया कि ज्योतिका के परिवार की अचानक बढ़ती संपत्ति और रहन-सहन को लेकर गांव में पहले से ही संदेह था। परिवार की ओर से कहा जाता था कि ज्योतिका दुबई में “मनी एक्सचेंज” में काम करती है। अब गिरफ्तारी की खबर से पूरा गांव स्तब्ध है।

जानकारी के अनुसार, ज्योतिका का परिवार मूल रूप से तेजपुर परोवा का निवासी था, लेकिन 4–5 वर्ष पूर्व प्रशासनिक बेदखली अभियान के बाद बोरझार गांव में आकर बस गया। इसके बाद ज्योतिका रोजगार की तलाश में दुबई चली गई थी। उसकी मां को विश्वास था कि वह वहीं मनी एक्सचेंज में काम कर रही है।

ज्योतिका की मां पिंकी कलिता ने उसकी पाकिस्तानी नागरिक से शादी की पुष्टि करते हुए बताया कि दंपती तेजपुर स्थित उनके घर भी आए थे। हालांकि, पुलिस के आरोपों के बावजूद मां लगातार बेटी को निर्दोष बता रही हैं। उनका कहना है कि 17 अलग-अलग बैंक खातों में पैसा क्यों जमा हो रहा था और 44 एटीएम कार्ड व इतने चेकबुक क्यों मिले, इसका जवाब केवल ज्योतिका ही दे सकती है।

रहस्य और गहराया

ज्योतिका दुबई में आखिर क्या काम कर रही थी, उसकी आय का वास्तविक स्रोत क्या था और क्या वह किसी संगठित नेटवर्क से जुड़ी थी।इन सवालों ने अब मामले को और संवेदनशील बना दिया है। गांव के लोगों ने इस पूरे प्रकरण की निष्पक्ष और गहन जांच तथा दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की है।

पाकिस्तानी कनेक्शन के आरोपों के बीच ज्योतिका की गिरफ्तारी ने न केवल तेजपुर बल्कि पूरे राज्य में हलचल मचा दी है, और अब सबकी निगाहें पुलिस जांच के अगले खुलासों पर टिकी हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!