बोंगाईगांव के होटल से सीएम विजिलेंस के डीएसपी खड़गेश्वर राभा का शव बरामद
कमरा अंदर से था बंद, दुर्गंध आने पर तोड़ा गया दरवाजा; पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत के कारणों का खुलासा

भरत पासवान,
बोंगाईगांव (असम), 22 अक्टूबर/असम.समाचार
निचले असम के बोंगाईगांव जिले में गुरुवार को असम पुलिस और मुख्यमंत्री सतर्कता प्रकोष्ठ (सीएम विजिलेंस) में सेवारत डीएसपी खड़गेश्वर राभा का शव एक होटल के कमरे से संदिग्ध परिस्थितियों में बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।
मिली जानकारी के अनुसार, उत्तरी बोंगाईगांव शहर स्थित होटल जाह्नवी रीजेंसी के कमरा नंबर 102 से पुलिस अधिकारी का शव बरामद हुआ। डीएसपी खड़गेश्वर राभा निजी काम के सिलसिले में 18 अक्टूबर को यहां आए थे और अकेले ही होटल में ठहरे हुए थे।
कमरे से आ रही थी दुर्गंध
घटना के संदर्भ में बोंगाईगांव के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नुमल महत्ता ने बताया कि होटल प्रबंधन की ओर से पुलिस को सूचना दी गई थी कि कमरा अंदर से बंद है और भीतर से तेज दुर्गंध आ रही है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, जहां डीएसपी का शव पड़ा मिला।
जांच में जुटी पुलिस, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
एसएसपी नुमल महत्ता ने मीडिया से बातचीत में कहा, “असम पुलिस के डीएसपी खड़गेश्वर राभा का शव होटल से बरामद किया गया है। घटना स्थल की बारीकी से छानबीन करने के बाद नियमानुसार इनक्वेस्ट की प्रक्रिया पूरी की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए बोंगाईगांव मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। मेडिकल और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असल वजह साफ हो सकेगी, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।’
पोस्टमार्टम की प्रक्रिया संपन्न होने के बाद पुलिस प्रशासन की ओर से दिवंगत अधिकारी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई।



