Blogअसमएक्सक्लूसिव खबरेंधर्म और आस्था
नगांव: दुर्गा पूजा पंडाल में दिखी ‘विकसित भारत’ की झलक, रोबोटिक्स और अंतरिक्ष तकनीक बने मुख्य आकर्षण


डिंपल शर्मा,
नगांव 17 अक्टूबर 2026/असम.समाचार
नगांव जिले में इस वर्ष दुर्गा पूजा उत्सव के दौरान विज्ञान और आधुनिक तकनीक का अनूठा संगम देखने को मिल रहा है। नगांव की प्रसिद्ध आईटीआई (ITI) सार्वजनिक पूजा समिति ने अपने 51वें वर्ष के अवसर पर ‘विकसित भारत’ की थीम पर एक विशेष रोबोटिक पंडाल तैयार किया है, जो श्रद्धालुओं के लिए प्रमुख आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।
पूजा समिति से जुड़े तपन कुमार दे ने समाचार एजेंसी को दिए एक साक्षात्कार में बताया कि इस पंडाल की परिकल्पना भारत की तकनीकी प्रगति और आत्मनिर्भरता को जन-जन तक पहुँचाने के उद्देश्य से की गई है।
तपन कुमार दे ने कहा, “एक समय था जब भारत तकनीक और अन्य उपकरणों के लिए दूसरे देशों पर निर्भर रहता था।
लेकिन आज का भारत तेजी से बदल रहा है और देश हर क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। हमने यहाँ पीएसएलवी (PSLV) और रॉकेट लॉन्चिंग मॉडल के माध्यम से अंतरिक्ष विज्ञान की प्रगति को दर्शाने का प्रयास किया है। हमारा मुख्य उद्देश्य बच्चों और आम नागरिकों को देश की इस तकनीकी यात्रा व प्रगति से अवगत कराना है।“
उन्होंने आगे बताया कि आईटीआई की यह पूजा नगांव की सबसे बड़ी और लोकप्रिय पूजाओं में से एक है और इस बार इसका 51वां वर्ष मनाया जा रहा है। हर साल समिति द्वारा कुछ नया और अनूठा प्रस्तुत करने का प्रयास किया जाता है।
आयोजकों के अनुसार, इस भव्य रोबोटिक व वैज्ञानिक थीम वाले पंडाल को देखने के लिए शहर ही नहीं, बल्कि दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों से भी लाखों की संख्या में श्रद्धालु पहुँच रहे हैं। रात के समय श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ रही है और लोग कई किलोमीटर पैदल चलकर पंडाल के दर्शन करने पहुँच रहे हैं।



