Blogअसमथर्ड आईधर्म और आस्थालेटेस्ट खबरेंशिक्षासामाजिक
अग्रवाल सभा, नगांव द्वारा दो दिवसीय अग्रसेन जयंती समारोह का भव्य आयोजन


डिंपल शर्मा, संवाददाता
नगांव 12 अक्टूबर 2026/असम.समाचार
अग्रवाल सभा, नगांव द्वारा दो दिवसीय अग्रसेन जयंती समारोह का भव्य आयोजन किया गया। समारोह के प्रथम दिन दिनांक 10 अक्टूबर को विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं मेधावी विद्यार्थियों के सम्मान समारोह का आयोजन महाराजा अग्रसेन भवन में किया गया, जबकि द्वितीय दिवस, 11 अक्टूबर 2026 को श्री हनुमान मंदिर भवन, नगांव में मुख्य समारोह आयोजित हुआ। कार्यक्रम में समाज के अनेक गणमान्य व्यक्तियों, सदस्यों, महिलाओं एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
समारोह के प्रथम दिवस म्यूजिकल चेयर, चित्रकला प्रतियोगिता, नृत्य प्रतियोगिता, श्लोक प्रतियोगिता, हल्दी थाली सजावट प्रतियोगिता सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। सभी प्रतिभागियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। इसके साथ ही पिछले दो वर्षों के HS एवं HSLC परीक्षाओं तथा प्रोफेसनल कोर्स में सफल विद्यार्थियों के लिए मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की शैक्षणिक उपलब्धियों को सराहते हुए उनका उत्साहवर्धन किया गया।
द्वितीय दिवस आयोजित मुख्य समारोह का मंच संचालन सुश्री निमिषा अग्रवाल ने कुशलतापूर्वक किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथियों एवं गणमान्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात अग्रवाल महिला समिति की सदस्यों ने मधुर स्वागत गीत प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों का अभिनंदन किया।
अग्रवाल सभा के अध्यक्ष राधा रमण खाटूवाला ने स्वागत भाषण के माध्यम से सभी अतिथियों एवं समाज के सदस्यों का स्वागत किया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में गुवाहाटी से पधारे पवन अग्रवाल उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान अग्रवाल सभा के सचिव सुनील आलमपुरीया ने सभा के समक्ष अपना सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। अग्रवाल सभा नगांव द्वारा सम्पादित सभी कार्यकर्मो की विस्तृत जानकारी दी गई।इसी क्रम में अग्रवाल महिला समिति की सचिव श्रीमती पूनम लोहिया ने भी समिति का सचिव प्रतिवेदन प्रस्तुत किया ।
समारोह का एक प्रमुख आकर्षण समाजसेवियों एवं सक्रिय कार्यकर्ताओं का सम्मान रहा। समाज सेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए पुरुष वर्ग में विशिष्ट समाजसेवी सम्मान शोभा चंद बंका को तथा विशिष्ट महिला सम्मान श्रीमती अनीता खदड़िया को प्रदान किया गया। अंतिम यात्रा व दाह संस्कार के हेतु समाज के प्रति निस्वार्थ सेवा एवं उल्लेखनीय योगदान के लिए मनोज गुजरानी को विशेष सम्मान से सम्मानित किया गया। इसके अतिरिक्त गुमशुदा व्यक्तियों की खोज में सक्रिय योगदान देने वाले कार्यकर्ताओं विकास अग्रवाल एवं अग्रवाल सभा के खान -पान कार्यो में सक्रिय योगदान के लिए प्रदीप केजरीवाल को भी सम्मानित किया गया।
इसके पश्चात मुख्य अतिथि पवन अग्रवाल ने अपने संबोधन में समाज की एकता, आपसी सहयोग एवं सामाजिक विकास के महत्व पर प्रकाश डालते हुए उपस्थित सदस्यों को प्रेरित किया।
कार्यक्रम के अंत में अग्रवाल सभा के सचिव सुनील आलमपुरिया ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत करते हुए मुख्य अतिथियों, सम्मानित अतिथियों, समाज के सदस्यों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी व्यक्तियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह के दूसरे चरण में रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
सुश्री मुस्कान जाजोदिया के मार्गदर्शन में बच्चों एवं महिलाओं ने उत्साहपूर्वक नृत्य प्रस्तुतियों में भाग लिया। उनकी आकर्षक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चाँद लगा दिए और पूरे वातावरण को उल्लासमय बना दिया।
अग्रसेन जयंती का यह दो दिवसीय समारोह सामाजिक एकता, सेवा, सम्मान, शिक्षा एवं सांस्कृतिक परंपराओं का सुंदर संगम रहा। समाज के सभी सदस्यों की सक्रिय भागीदारी एवं सहयोग से कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। समारोह ने समाज में आपसी सद्भाव, सहयोग एवं सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को और मजबूत करने का संदेश दिया।



