नगांव के मोबिल गोदाम में भीषण आग, करोड़ों की संपत्ति जलकर राख
बिना फायर सेफ्टी सिस्टम के रखा गया था मोबिल, आग लगने के कारणों को लेकर रहस्य बरकरार


विकास शर्मा,
नगांव, 16 अक्टूबर 2026/असम.समाचार
नगांव शहर के इस्लाम पट्टी इलाके में शुक्रवार को एक मोबिल गोदाम में भीषण आग लगने से करोड़ों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई। आग इतनी भयावह थी कि उस पर काबू पाने के लिए नगांव जिले के अलावा आसपास के जिलों से भी दमकल वाहनों को बुलाना पड़ा। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
स्थानीय सूत्रों द्वारा प्राप्त जानकारी के अनुसार, रवि मोर के मालिकाना हक वाली जमीन पर स्थित इस गोदाम को मोबिल व्यापारी अजीत कोठारी का बताया जा रहा है। गोदाम में बड़ी मात्रा में मोबिल रखा हुआ था। स्थानीय स्तर पर मिली जानकारी के मुताबिक, वहां अग्निशमन सुरक्षा की समुचित व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में ज्वलनशील पदार्थों के भंडारण और सुरक्षा इंतजामों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
आग की भयावहता को देखते हुए दमकल विभाग को काफी मशक्कत करनी पड़ी। नगांव के अलावा आसपास के जिलों से भी दमकल वाहनों की मदद ली गई, ताकि आग को फैलने से रोका जा सके और उस पर नियंत्रण पाया जा सके। आग में हुए नुकसान का वास्तविक आकलन संबंधित अधिकारियों की जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
दमकल कर्मियों के अनुसार, आग लगने के कारणों का तत्काल पता नहीं चल पाया है। घटना की परिस्थितियां फिलहाल रहस्यमय बनी हुई हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। आग शॉर्ट सर्किट, किसी तकनीकी खराबी या अन्य कारण से लगी, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।
इस घटना ने व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में अग्निशमन सुरक्षा व्यवस्था तथा ज्वलनशील पदार्थों के सुरक्षित भंडारण को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।



