नलगेदेरा में भीषण सड़क हादसा, महिला समेत पांच की मौत,नगांव से गुवाहाटी आ रही ट्रैवलर गड्ढे में गिरकर अनियंत्रित हुई, डिवाइडर पार कर ट्रक से टकराई; कई घायल

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 30 अगस्त 2026/असम.समाचार
खेत्री थाना क्षेत्र के नलगेदेरा में रविवार रात राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में एक महिला समेत पांच यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, नगांव से गुवाहाटी की ओर आ रही ट्रैवलर गाड़ी (AS 01 HC 0716) राष्ट्रीय राजमार्ग पर मौजूद एक बड़े गड्ढे में गिरने के बाद अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित वाहन डिवाइडर पार करते हुए सड़क की दूसरी ओर जा पहुंचा, जहां विपरीत दिशा से आ रहे ट्रक (AS 07 BC 4271) से उसकी जोरदार आमने-सामने की टक्कर हो गई।
टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रैवलर में सवार एक महिला सहित पांच यात्रियों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। हादसे में कई अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
हादसे के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला। लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग की बदहाल स्थिति और सड़क पर बने बड़े गड्ढे को हादसे का कारण बताते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया तथा सड़क जाम कर दिया।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने गड्ढों की वजह से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ है। लोगों ने सड़क की तत्काल मरम्मत कराने और हादसे के लिए जिम्मेदार व्यवस्था के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।



