बच्ची के हृदय के इलाज के लिए त्वरित पहल पर अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन ने मंत्री अशोक सिंघल का जताया आभार

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 28 अगस्त 2026/असम.समाचार
राष्ट्रीय संयोजक चंद्रप्रकाश शर्मा ने मंत्री को फूलाम गामोछा व रक्षासूत्र पहनाकर किया अभिनंदन, बच्ची को इलाज के लिए बुधवार को भेजा जाएगा बंगलुरु
गुवाहाटी। मानवता, संवेदनशीलता और जनसेवा की भावना से किए गए त्वरित प्रयास के लिए अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन ने असम के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक आनंद सिंघल के प्रति आभार व्यक्त किया है। फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक चंद्रप्रकाश शर्मा ने शिवसागर की एक मासूम बच्ची के हृदय में छेद की गंभीर बीमारी के इलाज के लिए मंत्री द्वारा तत्काल कार्रवाई किए जाने की सराहना करते हुए उनका धन्यवाद किया।
शिवसागर की इस छोटी बच्ची के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्ची के पिता का हाल ही में निधन हो गया, जिसके बाद परिवार के दो बच्चों के पालन-पोषण की पूरी जिम्मेदारी उनकी मां के कंधों पर आ गई। आर्थिक रूप से बेहद कमजोर परिवार के लिए बच्ची के हृदय संबंधी गंभीर बीमारी का इलाज करवाना लगभग असंभव हो गया था।
इसी बीच युवा विकास जोशी ने इस मामले की जानकारी अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक चंद्रप्रकाश शर्मा को दी। बच्ची की स्थिति और परिवार की आर्थिक मजबूरी को देखते हुए शर्मा ने तत्काल मामले को गंभीरता से लिया और स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अशोक आनंद सिंघल से मुलाकात कर बच्ची के इलाज के लिए सरकारी स्तर पर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने का आग्रह किया।
शुक्रवार को मंत्री सिंघल से उनके कार्यालय में मुलाकात के दौरान चंद्रप्रकाश शर्मा ने अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन की ओर से उन्हें फूलाम गामोछा पहनाकर सम्मानित किया। इसके साथ ही उन्होंने मंत्री को रक्षासूत्र पहनाकर उनके सुस्वास्थ्य, सुरक्षा और दीर्घायु की कामना की। शर्मा ने कहा कि जनसेवा के कार्यों के लिए मंत्री को निरंतर शक्ति और सामर्थ्य प्रदान करने की प्रार्थना भी की गई।
मुलाकात के दौरान मंत्री अशोक आनंद सिंघल ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई की और जीएमसीएच प्रबंधन को बच्ची के इलाज के लिए आवश्यक व्यवस्था शीघ्र करने का निर्देश दिया। मंत्री की त्वरित पहल के बाद बच्ची के बेहतर उपचार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
बताया गया है कि बच्ची को आगे के उपचार के लिए बुधवार को बंगलुरु भेजा जाएगा, जहां उसके हृदय में छेद की बीमारी का आवश्यक उपचार किया जाएगा। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार के लिए मंत्री की इस पहल से बच्ची के इलाज की उम्मीद जगी है।
अष्टलक्ष्मी परशुराम फाउंडेशन के राष्ट्रीय संयोजक चंद्रप्रकाश शर्मा ने कहा कि समाज और सरकार के बीच संवेदनशील सहयोग से ही जरूरतमंद लोगों तक समय पर सहायता पहुंचाई जा सकती है। उन्होंने कहा कि एक असहाय मां की पीड़ा और एक मासूम बच्ची के जीवन से जुड़े इस मामले में मंत्री सिंघल द्वारा जिस तत्परता और मानवीय संवेदना का परिचय दिया गया है, वह सराहनीय है।
उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि जब प्रशासनिक व्यवस्था के साथ मानवीय संवेदना को जोड़कर काम करते हैं, तब सरकारी व्यवस्था का वास्तविक लाभ समाज के सबसे जरूरतमंद व्यक्ति तक पहुंचता है। शर्मा ने मंत्री अशोक सिंघल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि बच्ची का सफल उपचार होगा और वह जल्द स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच लौटेगी।
फाउंडेशन ने युवा विकास जोशी द्वारा मामले को संगठन तक पहुंचाने और बच्ची के उपचार के लिए पहल करने के प्रयास की भी सराहना की। संगठन ने कहा कि समाज के सक्षम लोगों, सामाजिक संगठनों और सरकार के सामूहिक प्रयास से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए कठिन समय में नई उम्मीद पैदा की जा सकती है।



