लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर के निःशुल्क पुस्तकालय में धूमधाम से मना क्रिसमस डे

ओपी शर्मा
गुवाहाटी 26 दिसंबर 2025/असम.समाचार
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा संचालित निःशुल्क “ग्रेटर लायंस चिल्ड्रन लाइब्रेरी” में क्रिसमस डे का आयोजन हर्षोल्लास के साथ किया गया। यह पुस्तकालय बच्चों में पढ़ने की आदत विकसित करने तथा उन्हें मोबाइल और टेलीविज़न की दुनिया से बाहर लाने के उद्देश्य से ज़ू रोड स्थित नवीन नगर पथ पर डॉ. अनीता बरुआ शर्मा कॉलेज परिसर में संचालित की जा रही है।
क्लब द्वारा दिसंबर 2021 से प्रारंभ किए गए इस स्थायी सेवा प्रकल्प के अंतर्गत बच्चों के सर्वांगीण विकास को ध्यान में रखते हुए समय-समय पर कहानी सुनाना, पब्लिक स्पीकिंग, इंग्लिश लैंग्वेज लर्निंग, बुक रिव्यू जैसी शैक्षणिक एवं रचनात्मक गतिविधियाँ नियमित रूप से आयोजित की जाती हैं।
क्लब के सम्मानित सदस्य लायन पुरुषोत्तम गग्गड एवं लायन रूपा गग्गड के मार्गदर्शन में संचालित इस पुस्तकालय में बच्चों की रुचि के अनुसार सॉफ्ट स्किल्स, आर्ट एंड क्राफ्ट, इंग्लिश लैंग्वेज, विभिन्न नृत्य शैलियाँ, मेमोरी गेम्स एवं लॉजिकल थिंकिंग जैसे विषयों पर कार्यशालाएँ भी कराई जाती हैं।
लायंस क्लब ऑफ गुवाहाटी ग्रेटर द्वारा बच्चों के साथ विभिन्न त्योहार भी उत्साहपूर्वक मनाए जाते हैं। इसी क्रम में क्लब के अध्यक्ष लायन प्रकाश काबरा के नेतृत्व में क्रिसमस समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर बच्चों ने आकर्षक नृत्य प्रस्तुत किए तथा एक प्रेरणादायक नाटक का मंचन किया, जिसके माध्यम से पढ़ने के महत्व और मोबाइल के सीमित उपयोग का संदेश दिया गया।
क्लब की सक्रिय सदस्य लायन नीरू काबरा ने बताया कि लाइब्रेरियन सेमीमा की देखरेख में लगभग 30 बच्चे नियमित रूप से पुस्तकालय की गतिविधियों में भाग लेते हैं। वहीं, क्लब के जनसंपर्क अधिकारी लायन रतन खाखोलिया ने जानकारी दी कि इस अवसर पर बच्चों को स्कूल बैग एवं स्नैक्स भी भेंट किए गए, जिससे बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला।



