बोकाखात में आग का तांडव: दुकान से उठी लपटों ने 5 दुकानों और 4 घरों को बनाया खाक

राजीव कर्मकार,
बोकाखात 31 अगस्त 2026/असम.समाचार
बोकाखात में सोमवार को भीषण आग ने देखते ही देखते तबाही का ऐसा मंजर पैदा कर दिया कि लोग अपनी जान बचाकर घरों से बाहर निकलने को मजबूर हो गए। आग की शुरुआत ‘सारिका’ नामक एक दुकान से हुई और कुछ ही देर में इसकी लपटों ने आसपास की पांच अन्य दुकानों को भी अपनी चपेट में ले लिया।
आग इतनी विकराल थी कि आसपास स्थित चार आवासीय मकान भी पूरी तरह जलकर खाक हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग के दौरान कई गैस सिलेंडरों में जोरदार धमाके हुए, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। धमाकों की आवाज और आसमान में उठती आग की ऊंची लपटों ने लोगों में अफरा-तफरी मचा दी।
भीषण आग का असर सड़क यातायात पर भी पड़ा। ऊपरी और निचले असम के बीच आवागमन करीब तीन घंटे तक पूरी तरह बाधित रहा, जिससे राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। फिलहाल आग लगने के सटीक कारण का पता नहीं चल पाया है। घटना में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है और आग के कारणों की जांच की जा रही है।



