राखी के धागे में बंधा सरहद का रिश्ता, शिलांग अग्रवाल समिति ने जवानों संग मनाया राखी महोत्सव

सुशील दाधीच,
शिलांग, 27 अगस्त 2026/असम.समाचार
घर से दूर तैनात जवानों की कलाई पर जब राखी का पवित्र धागा बंधा तो शिलांग में रक्षाबंधन का पर्व एक भावुक और यादगार रिश्ते में बदल गया। शिलांग अग्रवाल महिला समिति की महिलाओं ने मुख्यालय 101 एरिया में भारतीय सेना के जवानों और अधिकारियों के साथ राखी महोत्सव मनाया।
समिति की महिलाओं ने जवानों की कलाई पर प्रेम, सम्मान और कृतज्ञता का प्रतीक राखी बांधी तथा उनके साथ मिठाइयां और उपहार साझा किए। इस दौरान महिलाओं ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा करने वाले सैनिक न केवल राष्ट्र की सुरक्षा करते हैं, बल्कि प्राकृतिक आपदा समेत हर मुश्किल घड़ी में आम नागरिकों के साथ मजबूती से खड़े रहते हैं।

राखी बंधवाते समय जवानों के चेहरों पर भी खुशी साफ नजर आई। उन्होंने कहा कि परिवार से दूर रहकर ड्यूटी निभाने के बावजूद शिलांग की बहनों के साथ राखी का त्योहार मनाकर उन्हें ऐसा महसूस हुआ, मानो वे अपने घर-परिवार के बीच ही हों।
कार्यक्रम का माहौल उस समय और भी भावुक हो गया, जब उपस्थित महिलाओं ने भाई-बहन के मधुर गीत प्रस्तुत किए। गीतों और राखी के इस पवित्र धागे ने जवानों और महिलाओं के बीच स्नेह, सम्मान और भाई-बहन के आत्मीय रिश्ते को और मजबूत कर दिया।



