असम के जंगलों से गुजरात तक नन्हे राजा के लिए इंसानियत का सफर
बीमार हालत में लखीमपुर के पहुमारा से किया गया था रेस्क्यू, विशेष विमान से गुजरात के जामनगर ले जाया गया; विशेषज्ञों की टीम करेगी देखभाल

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 20 नवंबर 2026/असम.समाचार
जंगल और वन्यजीवों के प्रति संवेदनशीलता की एक अनूठी मिसाल पेश करते हुए असम के लखीमपुर जिले के पहुमारा में बीमार अवस्था में बचाए गए हाथी के नन्हे बच्चे ‘राजा’ को बेहतर इलाज और विशेष देखभाल के लिए गुजरात के जामनगर स्थित वनतारा ले जाया गया है। नन्हे हाथी की जिंदगी बचाने के इस प्रयास ने वन्यजीव प्रेमियों के बीच उम्मीद की नई किरण जगाई है।
राजा को गुवाहाटी के बोरझार स्थित लोकप्रिय गोपीनाथ बोरदोलोई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से विशेष विमान के जरिए जामनगर पहुंचाया गया। अनंत अंबानी के स्वामित्व वाले वनतारा में उसके स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उपचार और देखभाल की जाएगी। बताया गया है कि अनंत अंबानी के निर्देश पर राजा को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए यह विशेष व्यवस्था की गई।
इस पूरे अभियान में प्रसिद्ध हाथी विशेषज्ञ पद्मश्री कुशल शर्मा सहित वन्यजीव चिकित्सा और संरक्षण से जुड़े विशेषज्ञों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राजा की मां के मालिक भोलानाथ पेगू भी उसके साथ वनतारा जाएंगे, ताकि इस नन्हे हाथी को परिचित मानवीय साथ और भावनात्मक सहारा मिल सके।
वन्यजीव संरक्षण की दुनिया में हाथी के बच्चे का उपचार केवल एक चिकित्सा अभियान नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों के प्रति मानवीय जिम्मेदारी का उदाहरण भी है। मां से जुड़ाव, सुरक्षित वातावरण और समय पर चिकित्सा किसी भी नन्हे वन्यजीव के जीवन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे में राजा को अत्याधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के बीच पहुंचाने की पहल से उसके स्वस्थ होने की उम्मीद बढ़ी है।
वनतारा के पशु चिकित्सक जहान अहमद अहमद ने इस अभियान और राजा के उपचार से जुड़ी जानकारी साझा की। अब वन्यजीव प्रेमियों की निगाहें राजा के स्वास्थ्य में सुधार पर टिकी हैं। सभी की यही कामना है कि जिंदगी की इस कठिन लड़ाई से जूझ रहा नन्हा राजा जल्द स्वस्थ होकर फिर से सामान्य जीवन की ओर लौटे।



