खाकी में शामिल हुए 1,653 नए चेहरे, असम पुलिस को मिली नई ताकत; महिला जवानों की भी उल्लेखनीय भागीदारी

विकास शर्मा,
देरगांव, 24 नवंबर 2026/असम.समाचार
असम पुलिस के लिए मंगलवार का दिन नई शुरुआत और नए संकल्प का गवाह बना। देरगांव स्थित लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी में आयोजित पासिंग आउट परेड के साथ 1,653 प्रशिक्षित जवान असम पुलिस के बेड़े में शामिल हो गए। एक साल के कठिन प्रशिक्षण के बाद खाकी वर्दी पहनकर निकले इन जवानों में 1,179 पुरुष और 474 महिला कर्मी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा ने परेड में शामिल होकर नए जवानों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें पुलिस सेवा की जिम्मेदारी सौंपी। इस नई खेप में महिला जवानों की भागीदारी भी उल्लेखनीय रही, जो राज्य पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती मौजूदगी को दर्शाती है।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने पुलिस प्रशिक्षण के क्षेत्र में लाचित बरफुकन पुलिस अकादमी की भूमिका को और विस्तार देने की घोषणा करते हुए बताया कि केंद्र सरकार के 5,000 सीआरपीएफ जवानों को भी इस अकादमी में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके साथ ही असम पुलिस में 5,700 नए कांस्टेबलों की भर्ती प्रक्रिया आगामी एक फरवरी से शुरू करने की घोषणा की।
वहीं, कोकराझार में दो आईपीएस अधिकारियों के बीच कथित मारपीट की घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री ने इसे दोनों अधिकारियों के बीच का व्यक्तिगत विवाद बताया।
समारोह में कैबिनेट मंत्री अतुल बोरा और अजंता नियोग, सांसद कामाख्या प्रसाद तासा, विधायक विश्वजीत फुकन और मृदुल दत्ता तथा असम पुलिस महानिदेशक हरमीत सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
एक साल के प्रशिक्षण के बाद पुलिस बल में शामिल हुए इन 1,653 जवानों के लिए यह समारोह केवल प्रशिक्षण पूरा होने का प्रमाणपत्र नहीं, बल्कि कानून-व्यवस्था की जिम्मेदारी और जनता की सुरक्षा के संकल्प के साथ नई पारी की शुरुआत भी रहा।



