असम-अरुणाचल सीमा सर्वेक्षण की तैयारियों को लेकर नामसाई में उच्चस्तरीय बैठक
25 दिसंबर तक सर्वेक्षण पूरा करने का लक्ष्य, जनवरी 2027 तक सीमा स्तंभ स्थापित करने की योजना

विकास शर्मा,
सदिया, 19 नवंबर 2026/असम.समाचार
असम और अरुणाचल प्रदेश के बीच अंतरराज्यीय सीमा विवाद के समाधान की दिशा में सहमति वाले क्षेत्रों के सीमांकन और सर्वेक्षण की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी सिलसिले में गुरुवार को अरुणाचल प्रदेश के नामसाई स्थित गोल्डन पैगोडा में एक महत्वपूर्ण तैयारी बैठक आयोजित की गई। बैठक में भारतीय सर्वेक्षण विभाग (सर्वे ऑफ इंडिया) की प्रस्तावित सर्वेक्षण प्रक्रिया को सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर दोनों राज्यों के अधिकारियों ने आवश्यक व्यवस्थाओं पर चर्चा की।
बैठक में तिनसुकिया के जिला आयुक्त सुमित सत्तावन (आईएएस), सादिया के सह-जिला आयुक्त सिंधु एन. राघवन (आईएएस) सहित दोनों राज्यों के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार, सर्वे ऑफ इंडिया तिनसुकिया जिले से संबंधित तीन सहमत सीमा क्षेत्रों में सर्वेक्षण एवं सीमांकन का कार्य करेगा। इनमें नामसाई-तिनसुकिया, लोअर दिबांग वैली-तिनसुकिया (परबुक से पगलाम) तथा लोहित-तिनसुकिया सीमा क्षेत्र शामिल हैं।
बैठक में सर्वेक्षण कार्य के लिए प्रशासनिक, तकनीकी, रसद एवं सुरक्षा संबंधी तैयारियों की समीक्षा की गई। दोनों राज्यों के जिला प्रशासन और संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस कार्य में अतिरिक्त जिला आयुक्तों, सर्किल अधिकारियों, भूमि राजस्व सहायकों (एलआरए), जीआईएस सहायकों तथा वन विभाग के अधिकारियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।
सीमा क्षेत्रों की सही पहचान और सर्वेक्षण प्रक्रिया में स्थानीय सहयोग प्राप्त करने के लिए संबंधित गांव प्रधानों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों को भी शामिल किया जाएगा। सर्वेक्षण दल की सुरक्षा और कार्य में किसी प्रकार की बाधा नहीं आए, इसके लिए पुलिस एवं सुरक्षा बलों के साथ आवश्यकता पड़ने पर राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) की तैनाती भी की जाएगी। जिला प्रशासन की ओर से सर्वेक्षण दल को आवास एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, चिह्नित तीनों क्षेत्रों में सर्वेक्षण का कार्य 25 दिसंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद सीमा स्तंभ स्थापित करने की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसे 31 जनवरी 2027 तक पूरा करने की योजना है।
बैठक में दोनों राज्यों के बीच आपसी सहयोग, प्रशासनिक समन्वय और समयबद्ध तैयारियों को सीमा सर्वेक्षण एवं सीमांकन प्रक्रिया की सफलता के लिए महत्वपूर्ण बताया गया।



