नगांव गुरुद्वारा में श्रद्धा और उल्लास के साथ मना गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व
नाम सिमरन, गुरुबाणी कीर्तन और गुरु के लंगर में उमड़ी संगत, सभी धर्मों के लोगों ने ग्रहण किया प्रसाद

विकास शर्मा,
नगांव 24 नवंबर 2026/असम.समाचार
नगांव के फौजदारी पट्टी स्थित गुरुद्वारा में सिख धर्म के संस्थापक गुरु नानक देव जी का 557वां प्रकाश पर्व (गुरु पर्व) अटूट श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ मनाया गया। इस पावन अवसर पर गुरुद्वारा परिसर को फूलों और आकर्षक रोशनी से भव्य रूप से सजाया गया। सुबह से ही मत्था टेकने और गुरु का आशीर्वाद लेने के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
कार्यक्रम की शुरुआत अखंड पाठ साहिब के समापन के साथ हुई। इसके बाद सजे कीर्तन दरबार में रागी जत्थे ने गुरुबाणी के मधुर शब्द-कीर्तन से संगत को निहाल किया। कथा-प्रवचन के दौरान ज्ञानी किशन सिंह और गुरुद्वारा प्रधान सरदार सुरेंद्र सिंह साहनी ने गुरु नानक देव जी के जीवन, उनकी शिक्षाओं और मानवता के प्रति उनके संदेशों पर प्रकाश डाला।
वक्ताओं ने कहा कि गुरु नानक देव जी ने ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश देकर पूरी मानवता को सत्य, समानता, परिश्रम, सेवा और आपसी भाईचारे का मार्ग दिखाया। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को एकता और सद्भाव के सूत्र में बांधने की प्रेरणा देती हैं।
इस अवसर पर समाजसेवी सांवरमल खेतावत, महेश बुधिया सहित कई गणमान्य व्यक्तियों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। नगांव लोकसभा क्षेत्र के सांसद देवाशीष शर्मा ने भी गुरुद्वारा पहुंचकर मत्था टेका और गुरु नानक देव जी का आशीर्वाद लिया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में पूर्व सभापति देवेंद्र सिंह सहमी, कोषाध्यक्ष हरभजन सिंह राजपाल, तरलोक सिंह, सचिव हरदर्शन सिंह ‘अरि’, गुरप्रीत सिंह सहमी, ज्ञानी शेर सिंह, हरमीत सिंह सहित गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के सदस्यों एवं महिला संगत ने सराहनीय योगदान दिया।
दोपहर में गुरु का अटूट लंगर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के साथ विभिन्न धर्मों के लोगों ने एक ही पंगत में बैठकर प्रसाद ग्रहण किया। इस सामूहिक आयोजन ने गुरु नानक देव जी के समानता, सेवा और मानव एकता के संदेश को जीवंत किया।
गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी के सदस्यों ने बताया कि गुरु पर्व के उपलक्ष्य में विशेष दीवान, नगर कीर्तन और विभिन्न सेवा कार्यों का भी आयोजन किया गया। कार्यक्रम में नगांव के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, गणमान्य व्यक्तियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। अंत में सामूहिक अरदास के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। संगत ने सभी के जीवन में सुख-शांति, समृद्धि और आपसी भाईचारा कायम रहने की कामना की।



