“एक साल तक सोना मत खरीदिए…” बढ़ते वैश्विक संकट के बीच पीएम मोदी की अनोखी अपील

राष्ट्रीय डेस्क,
नई दिल्ली 11 मई 2026/असम.समाचार
पश्चिम एशिया में गहराते तनाव और महंगे होते कच्चे तेल के बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से असामान्य लेकिन अहम अपील की है। हैदराबाद में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने लोगों से अगले एक वर्ष तक सोना नहीं खरीदने, ईंधन की खपत घटाने और विदेशी मुद्रा बचाने में सहयोग करने को कहा।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मौजूदा वैश्विक परिस्थितियों में देश को आर्थिक संतुलन बनाए रखने के लिए सामूहिक जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने कंपनियों और संस्थानों से दोबारा “वर्क फ्रॉम होम” व्यवस्था अपनाने पर भी विचार करने की अपील की, ताकि ईंधन की खपत कम हो सके।
दरअसल, पश्चिम एशिया संकट और होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास बढ़ते तनाव के कारण अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतें तेजी से उछली हैं। कुछ समय पहले तक करीब 70 डॉलर प्रति बैरल बिकने वाला तेल अब लगभग 126 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया है, जिससे भारत जैसे आयात-निर्भर देशों पर दबाव बढ़ गया है।
प्रधानमंत्री ने लोगों से गैर-जरूरी खर्चों में कटौती करने, खाद्य तेल की खपत कम करने और किसानों से आयातित रासायनिक उर्वरकों पर निर्भरता घटाने का भी आग्रह किया। उनका कहना था कि आत्मनिर्भरता और संयम ही मौजूदा आर्थिक चुनौतियों से निपटने का सबसे बड़ा हथियार है।
फ़ोटो-थर्ड पार्टी


