असमएक्सक्लूसिव खबरेंगुवाहाटीतीसरी आंखथर्ड आईराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

मोरीकलंग का ‘कबाड़ी कनेक्शन’: तार, धातु और चोरी के सामान से भरा मिला करोड़ों का जखीरा

हज-उमरा ट्रैवल एजेंसी के बोर्ड तले चल रहा था कबाड़ी कारोबार? पुलिस जांच में सामने आया चौंकाने वाला कनेक्शन

डिंपल शर्मा,

नगांव, 10 मई 2026/असम.समाचार

नगांव जिले के मोरीकलंग के चारिखुटी इलाके में शनिवार को उस समय सनसनी फैल गई जब पुलिस ने एक कबाड़ी डंप और आवासीय परिसर में छापेमारी कर करोड़ों रुपये मूल्य के कथित चोरी के सामान बरामद किए। बरामद सामग्री में APDCL और BSNL के विद्युत एवं संचार तार, पीतल, एल्यूमिनियम तथा अन्य धातु सामग्री शामिल हैं।

जानकारी के अनुसार, हैबरगांव पुलिस ने शनिवार सुबह एक चोरी के मामले में गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के दौरान मिले सुराग के आधार पर “आरजू” नामक कबाड़ी डंप पर अभियान चलाया। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो वहां वर्षों से चोरी के सामान की खरीद-फरोख्त किए जाने का खुलासा हुआ।

पुलिस के मुताबिक, कबाड़ी डंप का संचालन हमीद अली और उसका पुत्र आजहार उद्दीन अली कर रहे थे। जांच में सामने आया है कि दोनों लंबे समय से चोरी के सामान को खरीदकर जमा करने और आगे बेचने के नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं। बरामद सामान की बाजार कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है।

पुलिस कार्रवाई के दौरान हंगामा

छापेमारी के दौरान पुलिस ने हमीद अली को हिरासत में लिया, जबकि आजहार उद्दीन अली मौके से फरार हो गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, कार्रवाई के दौरान परिवार के कुछ सदस्यों ने पुलिस कार्यवाही में बाधा डालने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और अर्धसैनिक जवानों को तैनात करना पड़ा।

फिलहाल फरार आरोपी की तलाश जारी है और पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुटी हुई है।

डॉक्टर हत्याकांड से भी जुड़े तार

इसी बीच नगांव के चर्चित डॉक्टर डकैती एवं हत्या मामले की जांच में भी पुलिस को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। नगांव के पुलिस अधीक्षक पार्थ प्रतिम दास ने बताया कि यह एक अंतर-जिला गैंग है और अब तक छह आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।

एसपी ने बताया कि पुलिस ने राजीबुर रहमान, रजाक अली और नूर हुसैन अली को गिरफ्तार किया है, जो लखीमपुर जिले के निवासी हैं। जांच में खुलासा हुआ कि वारदात के बाद आरोपियों ने मोरीकलंग डंपिंग क्षेत्र में दो धारदार हथियार और एक बैग फेंक दिया था। पुलिस ने मौके से खून के निशान लगे दो हथियार बरामद किए हैं जिन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है।

पुलिस ने अपराध में प्रयुक्त वाहन (AR 01 M 4013) को भी जब्त कर लिया है। एसपी के अनुसार, डॉक्टर के घर से लगभग डेढ़ लाख रुपये लूटे गए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि अपराधियों ने डॉक्टर द्वारा पहनी जाने वाली कथित सोने की चेन को देखकर घर में भारी नकदी होने की आशंका में वारदात को अंजाम दिया।

SIT कर रही जांच

एसपी पार्थ प्रतिम दास ने स्पष्ट किया कि मामले में फिलहाल किसी राजनीतिक एंगल की पुष्टि नहीं हुई है और यह पूरी तरह लूट के उद्देश्य से की गई वारदात प्रतीत होती है। मामले की जांच के लिए विशेष जांच दल (SIT) गठित किया गया है और जल्द ही आरोपपत्र दाखिल करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि चोरी और डकैती के इस नेटवर्क में स्थानीय स्तर पर और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!