घुटनों तक पानी, फिर भी नहीं रुके सीएम हिमंत… पैदल पहुंचकर देखा बाढ़ का दर्द
न नाव, न काफिला... शिवसागर के जलमग्न बालिका विद्यालय में पैदल उतरकर लिया हालात का जायजा

केशव पारीक,
शिवसागर 4 अगस्त 2026/असम.समाचार
असम में बाढ़ की भयावह तस्वीरों के बीच मंगलवार को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा का अलग अंदाज देखने को मिला। घुटनों तक भरे पानी के बीच उन्होंने बिना नाव और बिना किसी विशेष व्यवस्था के पैदल चलकर शिवसागर स्थित फूलेश्वरी गर्ल्स हायर सेकेंडरी स्कूल और शिवसागर गर्ल्स कॉलेज का निरीक्षण किया।
बाढ़ के पानी से पूरी तरह जलमग्न स्कूल परिसर में मुख्यमंत्री स्वयं पैदल उतरे और नुकसान का प्रत्यक्ष आकलन किया। उन्होंने अधिकारियों से बाढ़ के कारण शैक्षणिक संस्थानों को हुए नुकसान की विस्तृत जानकारी ली और राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान विपक्षी विधायक अखिल गोगोई भी मुख्यमंत्री के साथ मौजूद रहे। इसके अलावा कैबिनेट मंत्री केशव महंत, पीयूष हजारिका और बिमल बोरा भी दौरे में शामिल हुए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को प्रभावित शिक्षण संस्थानों में जल्द से जल्द सामान्य व्यवस्था बहाल करने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उनके इस दौरे ने बाढ़ प्रभावित क्षेत्र की गंभीर स्थिति को एक बार फिर सामने ला दिया।



