शिवसागर में बाढ़ का तांडव: बचाव कार्य के लिए भारतीय वायु सेना का हेलीकॉप्टर तैनात
फिलहाल, भारतीय वायु सेना की टीम जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव मिशन को सुचारू रूप से चलाने की रणनीति तैयार कर रही है।

केशव पारीक,
शिवसागर (असम), 20 जुलाई 2026/असम.समाचार
असम के शिवसागर जिले में बाढ़ की स्थिति अत्यंत गंभीर हो गई है। जिले में गहराते जल संकट और फंसे हुए लोगों की सुरक्षा को देखते हुए राहत एवं बचाव कार्य के लिए भारतीय वायु सेना (IAF) को मैदान में उतारा गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राहत अभियान के तहत भारतीय वायु सेना का पहला हेलीकॉप्टर जयसागर क्षेत्र स्थित निर्माणाधीन रुद्र सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में उतरा। हेलीकॉप्टर से वायु सेना के कई जवान और अत्याधुनिक बचाव उपकरण उतारे गए हैं। वायु सेना की टीम ने उतरते ही परिसर और आसपास के जमीनी हालात का जायजा लिया।
नाज़िरा से लोगों को एयरलिफ्ट करने की तैयारी
प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि नाज़िरा के विभिन्न इलाकों में बाढ़ के पानी में फंसे लोगों को हेलीकॉप्टर के जरिए सुरक्षित निकालकर रुद्र सिंह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स लाने की योजना है। इसके लिए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स को अस्थायी बेस और रेस्क्यू सेंटर के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
युद्ध स्तर पर राहत कार्य में जुटा प्रशासन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिला प्रशासन ने आपातकालीन प्रतिक्रिया उपाय लागू कर दिए हैं और युद्ध स्तर पर बचाव अभियान संचालित किया जा रहा है। स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में सर्कल अधिकारी, उप पुलिस अधीक्षक (DySP), वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और भारी संख्या में पुलिस बल मुस्तैद हैं।
फिलहाल, भारतीय वायु सेना की टीम जिला प्रशासन के आला अधिकारियों के साथ बैठक कर राहत और बचाव मिशन को सुचारू रूप से चलाने की रणनीति तैयार कर रही है।


