भारी बारिश के कारण सिमलुगुड़ी में बढ़ा जलस्तर: कई ट्रेनें रद्द, कुछ के मार्ग बदले गए

तौफीकुद्दीन अहमद,
गुवाहाटी/मालीगाँव(असम) 20 जुलाई 2026/असम.समाचार
कैचमेंट क्षेत्रों में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण दिक्खू नदी में उफान आने से सिमलुगुड़ी और आसपास के इलाकों में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। इसके चलते रेलवे पटरियों, सिमलुगुड़ी स्टेशन यार्ड और रेलवे कॉलोनियों में पानी भर गया है। यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर सीमा रेलवे (NFR) ने सिमलुगुड़ी-नामटियाली और सिमलुगुड़ी-सेलेंगहाट रेल खंडों पर ट्रेनों का आवागमन तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।
रेलवे प्रशासन ने स्थिति से निपटने और यात्रियों की सुविधा के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं:
- मार्ग परिवर्तन (Diversions): डिब्रूगढ़ और तिनसुकिया की ओर जाने/आने वाली कई लंबी दूरी की प्रमुख ट्रेनों (जैसे राजधानी एक्सप्रेस और विवेक एक्सप्रेस) को वाया बोगीबील ब्रिज, रंगिया और लखीमपुर मार्ग से डाइवर्ट किया गया है।
- शॉर्ट टर्मिनेशन / शॉर्ट ओरिजिनेशन: कुछ ट्रेनों की यात्रा को उनके गंतव्य से पहले ही समाप्त किया गया है अथवा बीच के स्टेशनों से संचालित किया जा रहा है।
- ट्रेनें रद्द (Cancelled Trains): स्थिति को देखते हुए कई स्थानीय पैसेंजर व इंटरसिटी ट्रेनों को रद्द कर दिया गया है।
- यात्री सुविधाएं: प्रभावित स्टेशनों पर हेल्प डेस्क स्थापित किए गए हैं। फंसे हुए यात्रियों के लिए भोजन, पीने का पानी, टिकट रिफंड और बस (ASTC) सेवा की व्यवस्था की गई है।
रेलवे पीआरओ निलंजन से विशेष बातचीत
“एनएफ रेलवे के तिनसुकिया डिवीजन में बीती रात से हो रही लगातार बारिश के कारण सिमलुगुड़ी स्टेशन यार्ड, रेलवे ट्रैक और कॉलोनियों में बाढ़ का पानी भर गया है। इसके चलते ट्रैक प्रभावित हुए हैं। यात्रियों की सुरक्षा के लिए हमने लंबी दूरी की ट्रेनों को बोगीबील ब्रिज के रास्ते डाइवर्ट किया है। कुछ ट्रेनों का ‘शॉर्ट टर्मिनेशन’ और ‘शॉर्ट ओरिजिनेशन’ किया जा रहा है।”
“जिन यात्रियों की ट्रेनें बीच में रोकनी पड़ी हैं, उन्हें सड़क मार्ग (बाय रोड) से उनके गंतव्य तक पहुँचाया जा रहा है। सभी यात्रियों के लिए पीने के पानी, स्नैक्स और रिफंड का पूरा बंदोबस्त किया गया है। साथ ही, तिनसुकिया की तरफ यात्रियों को भेजने के लिए विशेष ट्रेनों का भी इंतजाम किया जा रहा है। ट्रैक की मरम्मत के लिए मैनपावर और आवश्यक सामग्री मौके पर तैनात है। जैसे ही पानी का स्तर कम होगा, जल्द से जल्द रेल सेवा बहाल करने की कोशिश जारी है।”


