धुबरी में बड़ा हादसा: मालगाड़ी ने चारपहिया वाहन को मारी टक्कर, चार लोगों की जान बाल-बाल बची

राजा शर्मा
धुबरी, 27 अगस्त 2025/असम.समाचार
धुबरी जिले के दुमारडाहा में मंगलवार को एक बड़ा रेल हादसा टल गया। सिलिगुड़ी से गुवाहाटी जा रही एक मालगाड़ी ने रेलवे ट्रैक पर फंसे एक चारपहिया वाहन को जोरदार टक्कर मार दी। गनीमत रही कि वाहन में सवार दो स्कूली छात्राएं, एक ग्रामीण और एक युवा छात्र हादसे से ठीक पहले कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन रेलवे लाइन पार करते समय अचानक फंस गया और इसी बीच मालगाड़ी आ पहुंची। चालक समेत सवार लोगों ने समय रहते बाहर निकलकर बड़ा हादसा होने से टाल दिया।
टक्कर के बाद मालगाड़ी करीब एक घंटे तक मौके पर ही खड़ी रही, जिससे रेल यातायात प्रभावित हुआ।
स्थानीय निवासियों ने आरोप लगाया कि इस व्यस्त मार्ग पर रेलवे गेट न होने के कारण आए दिन हादसे होते हैं। उन्होंने रेलवे प्रशासन को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि बार-बार निवेदन करने के बावजूद यहां पर रेलवे गेट की व्यवस्था नहीं की जा रही है।



