असमअसम.समाचार(स्पेशल)

राहुल गांधी ने दी जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि, कहा – “वह कंचनजंघा की तरह पवित्र और पारदर्शी थे”

विकाश शर्मा

गुवाहाटी, 17 अक्टूबर 2025/असम.समाचार

लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी आज असम के प्रिय संगीतकार जुबिन गर्ग को श्रद्धांजलि देने गुवाहाटी पहुंचे। उन्होंने सोनापुर स्थित जुबिन गर्ग के समाधिक्षेत्र पर पुष्पांजलि अर्पित की, दीप जलाए और वहां एक नाहोर का पौधा रोपित कर श्रद्धांजलि दी।

इसके बाद राहुल गांधी काहिलिपाड़ा स्थित दिवंगत कलाकार के निवास पहुंचे, जहां उन्होंने जुबिन की पत्नी गरिमा साइकिया गर्ग और पिता कपिल ठाकुर से मुलाकात कर गहरी संवेदना व्यक्त की।

परिवार से मुलाकात के दौरान राहुल गांधी ने जुबिन गर्ग की सिंगापुर में हुई रहस्यमयी मृत्यु की जांच को लेकर पारदर्शिता और शीघ्रता की मांग की। उन्होंने कहा, “जुबिन गर्ग की मौत की जांच जल्द से जल्द पूरी होनी चाहिए। यही परिवार और असम की जनता की मांग है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह निष्पक्ष और पारदर्शी जांच कर सच्चाई सामने लाए।”

उन्होंने कहा कि पूरा असम आज अपने गौरव को खोने के दुख में डूबा है और अब सबकी निगाहें सिर्फ न्याय की प्रतीक्षा पर टिकी हैं।

भारत रत्न पर जवाब देते हुए राहुल गांधी ने कहा, “हम उन्हें सर्वोच्च सम्मान देने के लिए हमेशा तैयार हैं, लेकिन सबसे पहले सच और न्याय ज़रूरी है। न्याय जल्द से जल्द मिलना चाहिए।”

जुबिन गर्ग की कलात्मकता को याद करते हुए राहुल गांधी भावुक हो उठे। उन्होंने कहा,“आज इस माहौल में यहां आकर गहरा दुख महसूस कर रहा हूं। मैंने उनकी पत्नी और पिता से कहा, काश हम किसी खुशी के मौके पर मिलते। लेकिन नियति को कुछ और ही मंजूर था।”

उन्होंने आगे कहा कि जब सांसद गौरव गोगोई ने जुबिन के कंचनजंघा पर कही बातों का ज़िक्र किया तो उनकी अपनी यादें ताज़ा हो गईं। उन्होंने कहा कि “जब मैं 17 साल का था, तब सिक्किम में पर्वतारोहण प्रशिक्षण के दौरान प्रतिदिन कंचनजंघा की भव्यता देखता था। वही चमक, वही पवित्रता जुबिन में भी थी। वे सचमुच कंचनजंघा की तरह उज्ज्वल और पारदर्शी थे।”

सोनापुर स्थित समाधि स्थल पर राहुल गांधी ने कुछ समय समर्थकों के बीच भी बिताया, जो ‘जुबिन को न्याय दो’ के नारे लगा रहे थे। राहुल गांधी कुछ देर मौन बैठे रहे और प्रार्थना में शामिल हुए।

इस अवसर पर उनके साथ असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई, एआईसीसी महासचिव (असम प्रभारी) जितेंद्र सिंह, सचिव मनोज चौहान, एपीसीसी महासचिव बिपुल गोगोई और प्रद्युत भुयान सहित कई वरिष्ठ नेता एवं जिला कांग्रेस अध्यक्ष उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!