अक्षय भक्त मंडल ने मनाया संत शिरोमणि दादोजी अखाराम जी का जन्मोत्सव

डिंपल शर्मा,
गुवाहाटी, 4 सितंबर 2026/असम.समाचार
श्री अक्षय भक्त मंडल, गुवाहाटी के तत्वावधान में श्री सालासर बालाजी, मां दधिमती एवं संत शिरोमणि दादोजी अखाराम जी महाराज का जन्मोत्सव एवं पावन पंचमी उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर अक्षय ज्योत प्रज्वलित कर पूजा-अर्चना की गई तथा श्री हनुमान चालीसा और दादा चालीसा का पाठ किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन मणिपुरी बस्ती, पलटन बाजार स्थित दौलावत परिवार के अंबिका अपार्टमेंट में किया गया। शाम 4 बजे से शुरू हुए आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने सपरिवार एवं इष्टमित्रों के साथ भाग लिया। भक्तों ने अक्षय ज्योत के दर्शन कर संत शिरोमणि दादोजी अखाराम जी महाराज के जन्मोत्सव पर श्रद्धा और भक्ति के साथ जयकारे लगाए।
इसके बाद आयोजित भजन संध्या में भक्तजन भक्ति गीतों पर झूम उठे। पूरे आयोजन स्थल पर “जय दादा की” के जयकारे गूंजते रहे और वातावरण भक्तिमय बना रहा।
आयोजकों ने बताया कि संत शिरोमणि दादोजी अखाराम जी महाराज के प्रति श्रद्धा और भक्ति को समर्पित इस आयोजन में श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के समापन पर सभी भक्तों के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की गई।



