मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से ViCCI प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात

अजित राठौड़,
जयपुर 21 अगस्त 2026/असम.समाचार
विप्र चैम्बर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (ViCCI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. विजय बासोतिया के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जयपुर में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से सौजन्य भेंट की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने ViCCI की ओर से संचालित विभिन्न गतिविधियों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी मुख्यमंत्री को दी।
प्रतिनिधिमंडल ने श्री परशुराम ज्ञानपीठ में विप्र चैम्बर की ओर से संचालित कौशल विकास केंद्र की गतिविधियों और उपलब्धियों से भी मुख्यमंत्री को अवगत कराया।
प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराने की दिशा में केंद्र लगातार कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने विप्र फाउंडेशन एवं उसके आनुषंगिक संगठनों की ओर से शिक्षा, कौशल विकास और समाजोत्थान के क्षेत्र में किए जा रहे कार्यों की सराहना की। उन्होंने सामाजिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में ऐसे प्रयासों को महत्वपूर्ण बताते हुए हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल में डॉ. विजय बासोतिया, सतीश शर्मा, नवीन शर्मा, महेश शर्मा, डॉ. गौरव लाटा एवं बी के शर्मा शामिल थे।
विप्र चैम्बर की यह मुलाकात सामाजिक सरोकारों के साथ-साथ शिक्षा, कौशल विकास और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में संस्थागत प्रयासों को आगे बढ़ाने के लिहाज से महत्वपूर्ण मानी जा रही है।



