साँवरिया सखी समिति ने धूमधाम से मनाया हरियाली तीज उत्सव

डिंपल शर्मा,
गुवाहाटी 22 अगस्त 2026/असम.समाचार
सावन की पावन बेला में साँवरिया सखी समिति की ओर से हरियाली तीज उत्सव का भव्य आयोजन शारदा केडिया के निवास, भरलूमुख में हर्षोल्लास के साथ किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में शामिल होकर सावन के उत्सव का आनंद लिया।

इस अवसर पर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया तथा सावन के पारंपरिक झूले लगाए गए। लड्डू गोपाल जी के लिए भी सुंदर झूला सजाया गया, जिसमें सखियों ने श्रद्धापूर्वक भगवान को झूला झुलाया। हरे रंग के परिधानों में सजी महिलाओं से पूरा वातावरण हरियाली, उमंग और उत्साह से भर गया।

कार्यक्रम के दौरान शिव तांडव की शानदार प्रस्तुति के साथ शिव-पार्वती के रूप में सखियों ने मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। बच्चों ने भी अपनी सुंदर प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। बड़ी संख्या में सखियों ने सावन के झूले का आनंद लिया और गीत-संगीत के बीच उत्सव का भरपूर आनंद उठाया।
कार्यक्रम में गजरा एवं भोग की व्यवस्था की गई तथा सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। अंत में सखियों के बीच प्रसाद वितरित किया गया। भगवान की आरती के साथ कार्यक्रम का श्रद्धापूर्वक एवं मंगलमय समापन हुआ।
हरियाली तीज का यह आयोजन महिलाओं के आपसी प्रेम, भाईचारे, संस्कृति, परंपरा और भक्ति का सुंदर संगम बन गया।



