समाज की पहली पसंद बने त्रिलोक पीपलवा, दूसरी बार खांडल विप्र समाज शिलांग के अध्यक्ष निर्वाचित
शिलांग के मारवाड़ी समाज में अपनी अलग पहचान रखने वाले त्रिलोक पीपलवा को मिलनसार और जनहित के लिए समर्पित व्यक्तित्व का धनी बताया गया। कपड़ा व्यापार से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और लोगों के सुख-दुख में सदैव साथ निभाया।

सुशील दाधीच,
शिलांग 12 जुलाई 2026/असम.समाचार
अखिल भारतीय खांडल विप्र महासभा शाखा शिलांग की आमसभा में नई कार्यकारिणी के गठन की प्रक्रिया संपन्न हुई। बैठक में पूर्व कार्यकारिणी द्वारा गत कार्यकाल का लेखा-जोखा समाज के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
सभा में पूर्व अध्यक्ष त्रिलोक पीपलवा के कार्यकाल की सराहना करते हुए उपस्थित समाज बंधुओं ने सर्वसम्मति और एक स्वर से उन्हें दूसरी बार अध्यक्ष निर्वाचित किया। समाज के लोगों ने कहा कि जो व्यक्ति समाज की चाहत बनकर उभरता है, वही मान-सम्मान प्राप्त करते हुए एक सच्चे सामाजिक कार्यकर्ता के रूप में पहचान बनाता है। त्रिलोक पीपलवा ने अपने कार्यकाल में ईमानदारी, कर्मठता और निष्ठा के साथ पद की गरिमा बनाए रखी, जिसके चलते उन्हें पुनः यह दायित्व सौंपा गया।
शिलांग के मारवाड़ी समाज में अपनी अलग पहचान रखने वाले त्रिलोक पीपलवा को मिलनसार और जनहित के लिए समर्पित व्यक्तित्व का धनी बताया गया। कपड़ा व्यापार से जुड़े होने के बावजूद उन्होंने व्यापारियों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर काम किया और लोगों के सुख-दुख में सदैव साथ निभाया।
समाज के सदस्यों ने कहा कि समाज को साथ लेकर चलने वाला व्यक्ति ही स्थायी पहचान बनाता है। साधारण परिवार से आने वाले त्रिलोक पीपलवा शिलांग में रहकर सामाजिक कार्यों के साथ गौसेवा के लिए भी समर्पित रहे हैं। उनके दोबारा अध्यक्ष चुने जाने पर समाज में खुशी की लहर है।
अध्यक्ष बनने के बाद त्रिलोक पीपलवा ने कहा कि समाज ने उन पर पुनः विश्वास जताकर जो दायित्व सौंपा है, उसे पूरी निष्ठा और ईमानदारी के साथ निभाएंगे। उन्होंने कहा कि समाज को साथ लेकर चलना, सच्चाई और अच्छाई के मार्ग पर कार्य करना तथा समाज के विकास के लिए निरंतर प्रयास करना उनकी प्राथमिकता रहेगी।
उन्होंने यह भी कहा कि पूरी कार्यकारिणी और समाज को साथ लेकर समय-समय पर बैठकें आयोजित की जाएंगी और समाजहित में योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जाएगा। दूसरी बार अध्यक्ष बनने पर समाज बंधुओं ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके कार्यों की सराहना की।



