निर्जला एकादशी पर श्यामनाम में डूबा नगांव, भजनों की स्वर लहरियों से भक्तिमय हुआ श्री श्याम धाम

डिंपल शर्मा,
नगांव 27 जून 2026/असम.समाचार
श्री श्याम सेवा समिति, नगांव के तत्वावधान में श्री श्याम धाम में आयोजित श्री श्याम एकादशी संकीर्तन श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का अद्भुत संगम बन गया। निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर देर शाम से लेकर रात्रि तक चले इस भव्य संकीर्तन में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने बाबा श्याम के दरबार में हाजिरी लगाकर भजनों का आनंद लिया और आशीर्वाद प्राप्त किया।
कार्यक्रम में चंडीगढ़ से पधारे सुप्रसिद्ध भजन गायक मनु दुआ ने अपनी मधुर व भावपूर्ण प्रस्तुतियों से ऐसा भक्तिमय वातावरण बनाया कि पूरा पंडाल “हारे के सहारे, खाटू वाले श्याम” के जयघोष से गूंज उठा। एक के बाद एक प्रस्तुत भजनों पर श्रद्धालु भाव-विभोर होकर झूमते नजर आए और देर रात तक श्याम नाम का संकीर्तन चलता रहा।
इस अवसर पर श्री श्याम धाम को आकर्षक फूलों एवं मनमोहक विद्युत सज्जा से सजाया गया। अखंड ज्योत, भव्य दरबार और श्याम रसोई की व्यवस्था ने श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक अनुभूति का विशेष एहसास कराया। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, स्वास्थ्य और मंगलकामना की प्रार्थना की।
श्री श्याम सेवा समिति के सदस्यों ने बताया कि श्याम भक्तों की आस्था को समर्पित ऐसे आयोजन समाज में धार्मिक चेतना, सेवा और भाईचारे की भावना को मजबूत करते हैं। उन्होंने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी भक्तों एवं सेवाभावियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
भक्ति, संगीत और सेवा का यह अनुपम संगम देर रात तक चलता रहा तथा श्रद्धालु बाबा श्याम के जयकारों के साथ दिव्य अनुभूति लेकर अपने घर लौटे।
फ़ोटो सौजन्य- काजल अजितसरिया


