
निरंजन सरावगी,
होजाई 25 जून 2026/असम.समाचार
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर अखिल भारतीय मारवाड़ी सम्मेलन, होजाई महिला शाखा द्वारा सेवा एवं परोपकार की भावना के साथ राहगीरों एवं जरूरतमंद लोगों के बीच शर्बत, पानी, छाते एवं बाल्टियों का वितरण किया गया।
भीषण गर्मी एवं बरसाती मौसम को ध्यान में रखते हुए स्थानीय लक्ष्मी हार्डवेयर के सामने आयोजित सेवा शिविर में राहगीरों को शीतल शर्बत एवं पेयजल उपलब्ध कराया गया। इसके साथ ही गरीब मजदूरों एवं जरूरतमंद महिलाओं को छाते तथा पानी की बाल्टियां भी वितरित की गईं, जिससे उन्हें दैनिक जीवन में सुविधा मिल सके।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की अध्यक्ष सरिता सरावगी एवं सचिव मंजू भीमसरिया के नेतृत्व में सदस्यों ने सक्रिय भागीदारी निभाई। इस अवसर पर होजाई की वरिष्ठ महिला गायत्री देवी सरावगी के अलावा बिमला पंसारी, राधा सरावगी, सुनीता भीमसरिया, नीतू मोर, पिंकी पंसारी, रितु सरावगी, मधु भीमसरिया, बबिता शर्मा, मधु गाड़ोदिया, पिंकी सरावगी, दीपिका शर्मा एवं कविता सरावगी सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहीं।
शाखा पदाधिकारियों ने बताया कि निर्जला एकादशी सेवा, दान एवं मानव कल्याण का संदेश देने वाला पर्व है। इसी भावना से प्रेरित होकर यह जनसेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम से लाभान्वित लोगों ने महिला शाखा की इस सराहनीय पहल की भूरी-भूरी प्रशंसा की तथा समाजसेवा के प्रति उनके समर्पण की सराहना की।



