निर्जला एकादशी पर मानवता की मिसाल, महिला सम्मेलन ने कराया जरूरतमंद मरीज का नेत्र ऑपरेशन
‘नेत्रदान-देहदान’ प्रकल्प के अंतर्गत “चक्षुर्दानं परं दानं, ज्योतिर्दानं महाफलम्” की भावना को साकार करते हुए यह पहल की गई है।

डिंपल शर्मा,
उत्तर गुवाहाटी, 25 जून 2026/असम.समाचार
निर्जला एकादशी के पावन अवसर पर मानव सेवा का प्रेरणादायी उदाहरण प्रस्तुत करते हुए अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन, उत्तर गुवाहाटी शाखा ने एक जरूरतमंद मरीज के नेत्र ऑपरेशन की व्यवस्था कराई। आर्थिक तंगी के कारण ऑपरेशन कराने में असमर्थ मरीज को सम्मेलन की पहल से नई रोशनी मिलने की उम्मीद जगी है।
जानकारी के अनुसार मरीज टेरेजियम (नेत्र रोग) से पीड़ित था। सर्जरी का खर्च वहन करने में असमर्थ होने तथा परिवार में कोई सहारा नहीं होने के कारण वह लंबे समय से उपचार से वंचित था। ऐसे में सम्मेलन की शाखा ने आगे बढ़कर मरीज का ऑपरेशन लायंस आई हॉस्पिटल में करवाया।
लायंस आई हॉस्पिटल की वरिष्ठ नेत्र विशेषज्ञ डॉ. अनामिका बाईश्या के नेतृत्व में ऑपरेशन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस अवसर पर सम्मेलन की सलाहकार मंजू पारीक ने डॉ. बाईश्या को फुलाम गमछा पहनाकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम में अस्पताल के चेयरमैन लायन प्रकाश सिकरिया, व्यवस्थापक सोनू जैन तथा महिला सशक्तिकरण प्रमुख किरण साबू भी उपस्थित रहे। इस सेवा कार्य की संपूर्ण जिम्मेदारी शाखा की संयोजिका सुनीता खेमका ने संभाली। उन्होंने न केवल ऑपरेशन की व्यवस्था की, बल्कि मरीज की देखभाल का दायित्व भी स्वयं लिया।
शाखा अध्यक्ष इंदु पारीक ने बताया कि सम्मेलन के ‘नेत्रदान-देहदान’ प्रकल्प के अंतर्गत “चक्षुर्दानं परं दानं, ज्योतिर्दानं महाफलम्” की भावना को साकार करते हुए यह पहल की गई है। उन्होंने कहा कि जरूरतमंदों की सहायता करना ही संस्था का प्रमुख उद्देश्य है।
शाखा सचिव राखी गुप्ता ने इस पुण्य कार्य में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही ऐसे सेवा कार्य सफल हो पाते हैं।



