असमथर्ड आईधर्म और आस्थाराष्ट्रीयशिक्षासामाजिक

नंगे पांव से नई उड़ान तक: चेतना लेडीज क्लब ने बच्चों के कदमों में भरा आत्मविश्वास

श्वेता सोमानी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारे प्रयासों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।” कोषाध्यक्ष मीना मोर ने कार्यक्रम की सफलता के लिए स्कूल प्रशासन और क्लब की सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

ओपी शर्मा

गुवाहाटी 19 जनवरी 2026/असम.समाचार

समाज सेवा के संकल्प को जीवंत रूप देते हुए चेतना लेडीज क्लब ने सोमवार को पश्चिम राम हरिणी हाई स्कूल परिसर में एक प्रेरणादायी सेवा परियोजना का आयोजन किया। यह आयोजन सिर्फ सहायता तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के चेहरों पर मुस्कान और आंखों में सपनों की चमक छोड़ गया।

कार्यक्रम के तहत क्लब की ओर से स्कूल के 200 जरूरतमंद छात्र-छात्राओं को जूते वितरित किए गए। रोज़ाना नंगे पांव स्कूल आने वाले बच्चे जब नए जूते पहनकर खड़े हुए, तो वह पल भावनाओं से भरा हुआ था। बच्चों की खुशी और उत्साह ने पूरे स्कूल परिसर को उल्लास से भर दिया।

सेवा भावना को और व्यापक बनाते हुए क्लब ने स्कूल के सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों और सहायक कर्मचारियों के लिए पौष्टिक भोजन की भी व्यवस्था की। सादा लेकिन स्वादिष्ट भोजन ने न केवल पेट, बल्कि दिल भी भर दिया।

क्लब की अध्यक्ष ममता हरलालका ने इस पहल को क्लब के सामाजिक दायित्व का हिस्सा बताया। वहीं सचिव श्वेता सोमानी ने मीडिया से बातचीत में कहा कि “बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाना ही हमारे प्रयासों की सबसे बड़ी उपलब्धि है।” कोषाध्यक्ष मीना मोर ने कार्यक्रम की सफलता के लिए स्कूल प्रशासन और क्लब की सभी सदस्यों के सहयोग के प्रति आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर क्लब की अन्य सदस्याएं भी उपस्थित रहीं, जिन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, बातचीत की और उनके सपनों को सुनकर उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।

कार्यक्रम के अंत में पश्चिम राम हरिणी हाई स्कूल के शिक्षकों और स्टाफ ने चेतना लेडीज क्लब की इस मानवीय और संवेदनशील पहल की मुक्त कंठ से सराहना की।

यह आयोजन साबित कर गया कि कभी-कभी एक जोड़ी जूते भी किसी बच्चे के भविष्य की दिशा बदल सकती है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!