असमअसम.समाचार(स्पेशल)गुवाहाटीराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरेंशिक्षासामाजिकसाहित्य

डॉ. भूपेन हजारिका पर बनी डॉक्यूमेंट्री ‘भूपेन दा अनकट’ का प्रीमियर शो सम्पन्न

विकास शर्मा,

गुवाहाटी, 7 सितंबर 2025/असम.समाचार

असम के महान गायक व भारत रत्न से सम्मानित स्वर्गीय डॉ. भूपेन हजारिका पर आधारित डॉक्यूमेंट्री ‘भूपेन दा अनकट’ का प्रीमियर शो आज प्रातः 11 बजे अनुराधा सिनेप्लेक्स, गुवाहाटी में आयोजित किया गया।

इस विशेष अवसर पर स्व. डॉ. भूपेन हजारिका के परिवारजन, प्रशंसक व अनेक सांस्कृतिक हस्तियां मौजूद रहीं। डॉ. हजारिका के अमेरिका निवासी पुत्र तेज हजारिका अपनी पत्नी कैन्डिस हजारिका एवं पुत्र सेज आकाश हजारिका के साथ इस प्रीमियर में उपस्थित हुए। उनके छोटे भाई व प्रख्यात गायक समर हजारिका भी अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का स्वागत संबोधन निर्माता-निर्देशक बोबिता शर्मा ने किया। उन्होंने बताया कि इस डॉक्यूमेंट्री का फुटेज 1999 में इंग्लैंड प्रवास के दौरान शूट किया गया था, जो आज विंटेज गुणवत्ता का है। धन्यवाद ज्ञापन कार्यकारी निर्माता चिन्मय शर्मा ने किया।

फिल्म प्रदर्शन के बाद श्री समर हजारिका ने भावुक होते हुए कहा कि उन्हें ऐसा लगा मानो भूपेन दा फिर से जीवित हो उठे हों। वहीं श्री तेज हजारिका व उनके परिवार ने भी डॉक्यूमेंट्री की सामग्री और प्रस्तुतिकरण की प्रशंसा की।

कार्यक्रम में असम की सांस्कृतिक जगत की कई प्रतिष्ठित हस्तियां जैसे मंनजू बोरा, संजीब सभापंडित, रनु देवी, गायक लोकनाथ गोस्वामी, मालोबिका बोरा, प्रांतिक पत्रिका के संपादक प्रदीप बरूआ, लेखिका अनुराधा शर्मा पुजारी, फिल्म समीक्षक उत्पल दत्ता एवं डीवाई 365 की डिपनिता जायसवाल सहित कई विशिष्ट अतिथि मौजूद थे।

इसके अतिरिक्त विभिन्न राजनीतिक दलों के वरिष्ठ नेता जैसे पूर्व संस्कृति मंत्री श्रीमती हेमोप्रवा सैकिया, पूर्व मंत्री एवं सांसद प्रद्युत बोरदोलोई, कांग्रेस विधायक दल के नेता देबब्रत सैकिया, पूर्व एपीसीसी अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा, पूर्व संस्कृति मंत्री श्रीमती बिस्मिता गोगोई एवं पूर्व सांसद श्रीमती क्वीन ओजा आदि ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।

डॉक्यूमेंट्री ‘भूपेन दा अनकट’ डॉ. भूपेन हजारिका के 1999 के इंग्लैंड प्रवास के दौरान शूट एक आत्मकथात्मक प्रस्तुति है। इसमें उन्होंने अपने बचपन, सांस्कृतिक हस्तियों जैसे ज्योति प्रसाद अग्रवाला के साथ जुड़ाव, न्यूयॉर्क में उच्च शिक्षा, पत्नी प्रियंवदा पटेल से मुलाकात, उनके रिश्तों की बारीकियों, दर्शन और विचारधारा पर खुलकर चर्चा की है। इस दौरान उन्होंने अपनी कुछ अप्रकाशित कविताएं भी सुनाईं।

डॉक्यूमेंट्री का निर्माण एवं निर्देशन बोबिता शर्मा ने किया है। कार्यकारी निर्माता चिन्मय शर्मा, संपादन एवं क्रिएटिव निर्देशन रविंद्र बदगईयां और कैमरा कार्य चिन्मय शर्मा ने किया। नैरेशन स्क्रिप्ट जिमोनी चौधरी की है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!