असमथर्ड आईपॉलिटिकल तड़कालेटेस्ट खबरें

गुवाहाटी सेंट्रल से भाजपा टिकट की दौड़ में गौरव सोमानी की दावेदारी

विकास शर्मा

गुवाहाटी 17 जनवरी 2026/असम.समाचार

आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर गुवाहाटी सेंट्रल विधानसभा सीट पर भारतीय जनता पार्टी के भीतर राजनीतिक सरगर्मियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता एवं असम भाजपा प्रोफेशनल सेल के राज्य संयोजक गौरव सोमानी ने पार्टी टिकट की औपचारिक दावेदारी पेश कर दी है।

गौरव सोमानी ने गुवाहाटी सेंट्रल विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताते हुए अपना आवेदन असम भाजपा अध्यक्ष दिलीप सैकिया को सौंपा। यह आवेदन असम भाजपा मुख्यालय, गुवाहाटी में कार्यालय सचिव सुशांत बिस्वास के माध्यम से विधिवत रूप से प्रस्तुत किया गया।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, गौरव सोमानी का राजनीतिक सफर पूरी तरह से गुवाहाटी सेंट्रल क्षेत्र से जुड़ा रहा है। खास तौर पर युवा वर्ग में उनकी सक्रियता और पकड़ को उनके पक्ष में एक मजबूत आधार माना जा रहा है। संगठनात्मक राजनीति के साथ-साथ सामाजिक और जनसेवा के कार्यों में उनकी निरंतर भागीदारी उन्हें एक जमीनी नेता के रूप में स्थापित करती है।

उनकी राजनीतिक यात्रा की शुरुआत छात्र राजनीति से हुई थी। गौहाटी कॉमर्स कॉलेज स्टूडेंट्स यूनियन में असिस्टेंट जनरल सेक्रेटरी पद का चुनाव जीतकर उन्होंने संगठनात्मक क्षमता का परिचय दिया। इसके बाद वे लगातार पार्टी संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते रहे और प्रोफेशनल वर्ग के बीच भाजपा की पैठ मजबूत करने में सक्रिय भूमिका निभाई।

पार्टी सूत्रों की मानें तो गौरव सोमानी के आवेदन को पार्टी की निर्धारित प्रक्रिया के तहत प्रदेश चुनाव समिति के समक्ष रखा जाएगा, जहां सभी दावेदारों के नामों पर विचार के बाद अंतिम निर्णय लिया जाएगा। ऐसे में गुवाहाटी सेंट्रल सीट पर भाजपा के भीतर टिकट को लेकर प्रतिस्पर्धा और राजनीतिक चर्चाएं आने वाले दिनों में और तेज होने की संभावना है।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!