असमअसम.समाचार(स्पेशल)तीसरी आंखधर्म और आस्थासामाजिक

नगांव:महापर्व छठ के दूसरे दिन व्रतधारियों ने शुरू किया 36 घंटे का अखंड उपवास

पूजा समितियों की तैयारियां पूरी, बिजली सज्जा व घाट सजे,सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द, जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि

जयप्रकाश सिंह

नगांव, 26 अक्तूबर 2025/असम.समाचार

सूर्य उपासना और लोक आस्था के महापर्व छठ के दूसरे दिन आज नगांव में व्रतधारियों ने दिनभर निर्जला उपवास रखकर शाम को गन्ने के रस से बनी खीर का प्रसाद ग्रहण किया और इसके साथ ही 36 घंटे का अखंड उपवास आरंभ कर दिया।

शहर के विभिन्न घाटों विशेषकर विजयादशमी घाट (नेहरूवाली) और श्री कृष्णाश्रम शिव मंदिर घाट को सुंदर ढंग से सजाया गया है। घाटों पर बिजली की आकर्षक सजावट, अस्थायी स्नानागार और साफ-सफाई की पूरी व्यवस्था की गई है।

असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के असामयिक निधन के कारण इस बार सांस्कृतिक कार्यक्रम रद्द कर दिए गए हैं और छठ पूजा सादगीपूर्वक आयोजित की जा रही है। श्रद्धांजलि स्वरूप एक विशेष स्थल भी सजाया गया है।

सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति के सह-सांस्कृतिक सचिव कृष्णा साह ने बताया कि व्रतधारियों की सुविधा हेतु पुलिस प्रशासन के साथ निजी वालंटियर भी नियुक्त किए जा रहे हैं। वहीं छठ व्रत समिति के उपाध्यक्ष रामा अवतार पासी ने कहा कि इस बार शोकाकुल माहौल को देखते हुए पूजा सादगी से संपन्न होगी।

घाटों पर चिकित्सकों की टीम तैनात रहेगी और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
समिति अध्यक्षों श्याम बाबू शाह, अर्जुन कुमार महतो, नरसिंह भगत और अजीत सिंह ने सभी व्रतधारियों और दर्शनार्थियों से शांतिपूर्ण व अनुशासित रूप से पूजा करने तथा आतिशबाजी से दूर रहने की अपील की है।

कल व्रतधारी श्रद्धा के साथ विभिन्न घाटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करेंगे।

Advertisement

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!