संतोष शर्मा बनीं राजस्थान फाउंडेशन महिला समिति की प्रदेश संयोजिका

डिंपल शर्मा,
गुवाहाटी 25 अगस्त 2026/असम.समाचार
राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट के अध्यक्ष रतन शर्मा ने जानी-मानी समाजसेविका एवं लोक गायिका श्रीमती संतोष शर्मा को राजस्थान फाउंडेशन की महिला समिति की प्रदेश संयोजिका नियुक्त किया है।
लंबे समय से सामाजिक एवं सेवा कार्यों से जुड़ी श्रीमती संतोष शर्मा महिलाओं के उत्थान, सामाजिक जागरूकता एवं जनसेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। वे पूर्वोत्तर प्रदेशीय मारवाड़ी युवा मंच की प्रांतीय अध्यक्ष भी रह चुकी हैं और इस प्रतिष्ठित पद पर आसीन होने वाली पहली महिला रही हैं।
उनके सामाजिक एवं जनसेवा कार्यों के लिए उन्हें अंतरराष्ट्रीय युवा विकास एवं वैश्विक गांधी शांति पुरस्कार तथा डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम राष्ट्रीय पुरस्कार सहित अनेक सम्मान प्राप्त हो चुके हैं।
सैकड़ों मातृशक्ति की गरिमामयी उपस्थिति में आयोजित कार्यक्रम में राजस्थान फाउंडेशन की ओर से दिनेश पारीक एवं अजय भंसाली ने श्रीमती संतोष शर्मा के नाम की घोषणा करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर उन्होंने राजस्थान फाउंडेशन के उद्देश्यों, संगठन की भूमिका तथा विभिन्न सामाजिक गतिविधियों की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में राजस्थान फाउंडेशन के कोषाध्यक्ष नारायण नरुका, परेश शर्मा सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट के अध्यक्ष रतन शर्मा ने संतोष शर्मा की नियुक्ति पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि उनके व्यापक सामाजिक अनुभव, नेतृत्व क्षमता एवं मातृशक्ति के साथ मजबूत जुड़ाव से संगठन को निश्चित रूप से लाभ मिलेगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि संतोष शर्मा के नेतृत्व में महिला समिति शीघ्र ही और अधिक सक्रिय एवं सशक्त बनेगी तथा राजस्थान फाउंडेशन की सामाजिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।



