श्रीभूमि में करोड़ों की याबा टैबलेट बरामद, दो तस्कर गिरफ्तार

करूणा देव
श्रीभूमि, असम, 20 अगस्त 2025/असम.समाचार
असम पुलिस ने नशे के कारोबार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए श्रीभूमि जिले से करोड़ों रुपये की प्रतिबंधित याबा टैबलेट बरामद की हैं। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बीती रात श्रीभूमि शहर के पास बाईपास इलाके में छापेमारी की।
इस दौरान एक कार्टून की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नशीली गोलियां बरामद की गईं। पुलिस ने मौके से दो युवकों को गिरफ्तार किया है, जिनकी पहचान मुहिन अहमद और सलमान अहमद के रूप में हुई है। दोनों कनिशैल क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं।
पुलिस ने लगभग 30,000 याबा टैबलेट जब्त कीं, जिनकी बाजार कीमत करीब 9 करोड़ रुपये आंकी गई है। अधिकारियों का कहना है कि इस बरामदगी से नशे के अवैध कारोबार को बड़ा झटका लगा है।
गिरफ्तार तस्करों से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस का मानना है कि इस पूरे नेटवर्क के पीछे कई और लोग शामिल हो सकते हैं।
इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकु एल. आचूमी ने बताया कि पुलिस लगातार ड्रग्स माफियाओं पर कड़ी नजर बनाए हुए है और नशे के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।



