ब्रिटिश संग्रहालय देगा असम को श्रीमंत शंकरदेव का ‘वृंदावनी वस्त्र’ प्रदर्शन हेतु

विकाश शर्मा
गुवाहाटी, 30 अगस्त 2025/असम.समाचार
असम के लिए गर्व की बात है कि 16वीं शताब्दी में वैष्णव संत श्रीमंत शंकरदेव द्वारा निर्मित अद्वितीय रेशमी कृति ‘वृंदावनी वस्त्र’ को लंदन के ब्रिटिश संग्रहालय से असम लाने की तैयारी हो रही है।
राज्य के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने शनिवार को जानकारी देते हुए बताया कि ब्रिटिश संग्रहालय ने 2027 में इस ऐतिहासिक धरोहर को असम में प्रदर्शन के लिए अस्थायी रूप से उपलब्ध कराने पर सहमति जताई है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह निर्णय असम की सांस्कृतिक विरासत और संत और महापुरुष शंकरदेव की अमूल्य रचनाओं को विश्व पटल पर पहचान दिलाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है।
‘वृंदावनी वस्त्र’ को असमिया कला और वैष्णव संस्कृति का जीवंत प्रतीक माना जाता है। इसे शंकरदेव ने अपने शिष्यों के सहयोग से रेशम के तंतु पर भगवान कृष्ण के जीवन के प्रसंगों को उकेरकर तैयार किया था।



