तामुलपुर में ‘आरोहण 2025-26’ योजना को लेकर जिला प्रशासन की बैठक आयोजित

असम डेस्क
तामुलपुर, 25 नवम्बर 2025/असम.समाचार
जिला प्रशासन तामुलपुर द्वारा आज महापुरुष श्रीमंत शंकरदेव ऑडिटोरियम में ‘आरोहण 2025-26’ योजना को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक समग्र शिक्षा के सहयोग से राज्य सरकार की विशेष पहल के तहत हुई। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती, एसीएस ने कहा, “हमें यह विशेष ध्यान देना चाहिए कि हम छात्रों की प्रतिभा को कैसे निखार सकते हैं, क्या उन्हें पर्याप्त स्वास्थ्य सुविधाएँ मिल रही हैं, उनका मानसिक विकास सही दिशा में हो रहा है या नहीं और वे किस प्रकार के वातावरण में बड़े हो रहे हैं।”
प्रेस से बातचीत में जिला आयुक्त ने बताया कि आरोहण योजना के तहत जिले के 72 छात्रों को विशेष प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे न केवल चयनित विद्यार्थी, बल्कि उनके सहपाठी भी प्रेरित होंगे। उन्होंने घोषणा की कि विद्यार्थियों के लिए “एक दिन आर्मी के साथ” तथा “ब्रेकफास्ट विद डीसी” जैसे दो विशेष कार्यक्रम शीघ्र ही पुनः शुरू किए जाएंगे।
छात्रों के मनोबल और आत्मविश्वास को मजबूत करने के उद्देश्य से उन्होंने देश के सबसे कम उम्र के आईपीएस अधिकारी सफिन हसन के जीवन संघर्ष को प्रेरणादायक बताया। उन्होंने जेम्स क्लियर की लोकप्रिय पुस्तक “एटॉमिक हैबिट्स” का उल्लेख करते हुए प्रभावी समय प्रबंधन के महत्व पर भी जोर दिया।
मार्गदर्शकों को संबोधित करते हुए जिला आयुक्त ने कहा, “हर विद्यार्थी अच्छी बातें सीखना चाहता है। यदि हम उनके साथ सहानुभूति के साथ बैठें और उन्हें अपना थोड़ा-सा समय दें, तो प्रत्येक छात्र न केवल जीवन में सफलता प्राप्त करेगा बल्कि एक जिम्मेदार और देशभक्त नागरिक भी बनेगा।”
इस बैठक में जिले के विभिन्न विद्यालयों के कक्षा आठ में सर्वोच्च अंक प्राप्त कर कक्षा नौ में प्रमोट किए गए 72 छात्र, जिला प्रशासन के अधिकारी, स्थानीय कॉलेजों और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक एवं प्रोफेसर शामिल हुए, जो इन छात्रों के मेंटर के रूप में कार्य करेंगे। योजना के तहत प्रत्येक छात्र को एक समर्पित मार्गदर्शक से जोड़ा जाएगा जो उनके भविष्य के विकास में सहयोग करेगा।
कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक तबुराम पेगू, अतिरिक्त जिला आयुक्त हेमाश्री खानिकर, सहायक आयुक्त अरुणिमा काकती एवं तामुलपुर के प्रभारी निरीक्षक विद्यालय जेहरू्ल इस्लाम ने भी अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम के समापन पर उप–विभागीय सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी बिजॉय बेजबरुआह ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर उपस्थिति को साझा किया।




