
सोनल शर्मा
गुवाहाटी 7 सितंबर 2025/असम.समाचार
परशुराम भवन आज कुछ अलग ही रंग में रंगा दिखा। मौका था मारवाड़ी सम्मेलन महिला शाखा की पांचवीं कार्य समिति की बैठक का। जहां एक तरफ 20 सितंबर को होने वाले डांडिया कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप दिया गया, वहीं दूसरी ओर बहनों ने मंच पर बोलने की झिझक उतार फेंकी।

बैठक की अध्यक्षता श्रीमती संतोष शर्मा ने की। डांडिया को लेकर ड्यूटी का बंटवारा हुआ, किसे क्या जिम्मेदारी मिलेगी, किस पर कौन सी डेकोरेशन की जिम्मेदारी रहेगी इन सब पर जोरदार चर्चा हुई। लेकिन कार्यक्रम की असली खासियत रही पब्लिक स्पीकिंग वर्कशॉप, जिसमें प्रसिद्ध वक्ता श्रीमती नेहा गग्गड ने सभी को बोलने की कला और डर पर जीत पाने के गुर सिखाए।
नेहा गग्गड ने कई बहनों को बिना झिझक मंच पर बुलाया, बोलने का अभ्यास कराया और आत्मविश्वास का इंजेक्शन भी दे दिया। उनके सम्मान में श्रीमती रश्मि जैन और श्रीमती बिंदु मोहता ने गमछा-दुपट्टा ओढ़ाकर और उपहार देकर उनका अभिनंदन किया।
कार्यक्रम में उपाध्यक्ष रश्मि जैन, ज्योति शर्मा, रेखा गोयल, मंत्री मंजू भंसाली, कोषाध्यक्ष शांति कुंडलिया, सलाहकार इंदिरा जिंदल समेत अनेक बहनें मौजूद रहीं। आयोजन की सफलता का श्रेय संयोजिकाओं और टीम भावना को दिया गया।
जानकारी जनसंपर्क अधिकारी विद्या कुंडलिया ने साझा की।



