राष्ट्रीय राजधानी में गायक जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि,उप-निदेशक सबीर निशात ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए

विकास शर्मा,
नई दिल्ली, 23 सितम्बर 2025/असम.समाचार
असम सूचना केंद्र, नई दिल्ली में मंगलवार को असम के लोकप्रिय गायक और बहुआयामी व्यक्तित्व जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी गई। इस अवसर पर केंद्र के उप निदेशक सबीर निशात ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित किए। कार्यक्रम में सूचना केंद्र के कर्मचारियों सहित बड़ी संख्या में मीडिया प्रतिनिधि भी मौजूद रहे और सभी ने इस महान कलाकार के प्रति अपनी भावभीनी श्रद्धांजलि व्यक्त की।

पर्यटन सूचना केंद्र और असम एम्पोरियम के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी जुबीन गर्ग के प्रति अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। ज्ञात हो कि मंगलवार दोपहर गुवाहाटी शहर के बाहरी क्षेत्र कामरकुची, सोनापुर में उनके पार्थिव शरीर का अंतिम संस्कार किया गया।

जुबीन गर्ग की यादों को संजोते हुए, वहां उपस्थित लोगों ने उनकी लोकप्रिय गीत ‘मायाबिनी’ को सामूहिक रूप से गाकर उन्हें भावपूर्ण विदाई दी।
इसके अलावा, राष्ट्रीय राजधानी स्थित श्रीमंत शंकरदेव भवन में भी श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। यहां बड़ी संख्या में विभिन्न वर्गों के लोग उपस्थित हुए और इस सांस्कृतिक प्रतीक को नमन किया। भवन में एक बड़े एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई थी, जिसके माध्यम से लोग उनके अंतिम सफर को देख सके।

असम हाउस के अधिकारियों और कर्मचारियों ने भी एक मिनट का मौन रखकर जुबीन गर्ग को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की।




