गुवाहाटी में राजस्थान विधानसभा अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी का भव्य स्वागत एवं सम्मान

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 5 जुलाई 2026/असम.समाचार
राजस्थान विधानसभा के माननीय अध्यक्ष डॉ. वासुदेव देवनानी के गुवाहाटी आगमन पर राजस्थान फाउंडेशन नॉर्थ ईस्ट चैप्टर की ओर से एक आत्मीय संवाद एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर चैप्टर के अध्यक्ष रतन शर्मा ने उनका पारंपरिक स्वागत एवं सम्मान करते हुए अभिनंदन किया।

समारोह में डॉ. देवनानी का स्वागत करते हुए रतन शर्मा ने कहा कि उनके नेतृत्व में राजस्थान विधानसभा लोकतांत्रिक मूल्यों को सशक्त बनाने तथा जनप्रतिनिधियों के बीच स्वस्थ संसदीय संवाद की समृद्ध परंपरा को नई ऊँचाइयों तक पहुंचा रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि डॉ. देवनानी के मार्गदर्शन एवं सहयोग से पूर्वोत्तर भारत में निवासरत प्रवासी राजस्थानियों और उनकी मातृभूमि राजस्थान के बीच सामाजिक, सांस्कृतिक एवं भावनात्मक संबंध और अधिक मजबूत होंगे।

इस अवसर पर उपस्थित गणमान्य नागरिकों एवं समाज के प्रतिनिधियों ने भी डॉ. देवनानी का अभिनंदन करते हुए उनके सार्वजनिक जीवन एवं लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम आत्मीय संवाद, सौहार्दपूर्ण वातावरण और राजस्थान की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के संदेश के साथ संपन्न हुआ।




