
रिपोर्ट: ओपी शर्मा: गुवाहाटी
गुवाहाटी, 31 अक्टूबर 2025/असम.समाचार
पूर्वोत्तर कुर्मी समाज के सौजन्य से महानगर के वीआईपी होटल में लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बड़ी संख्या में समाजबंधु उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की शुरुआत समाज के अध्यक्ष अशोक राय द्वारा दीप प्रज्वलन से हुई। इसके बाद उपस्थित जनों ने सरदार पटेल के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके अदम्य साहस, एकता और राष्ट्रनिर्माण में दिए योगदान को स्मरण किया।
अपने संबोधन में अध्यक्ष अशोक राय ने कहा कि “सरदार पटेल देश की एकता और अखंडता के शिल्पकार थे। उन्होंने 562 रियासतों को भारत में विलय कराकर देश का मानचित्र गढ़ा।”
उपाध्यक्ष अरुण पटेल ने कहा कि यदि उन्हें देश का पहला प्रधानमंत्री बनने का अवसर मिला होता तो कश्मीर समस्या जैसी स्थिति उत्पन्न नहीं होती।
महासचिव संजय सिंह ने अपने वक्तव्य में कहा कि पटेल ने अपनी दूरदर्शिता और राष्ट्रनिष्ठा से भारत को एक सूत्र में पिरोया।
सभा में राजू चौधरी और उमेश चौधरी ने भी अपने विचार रखे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में दिनेश राय, तेज नारायण राय, राज्य राय, राजेश पटेल, दीपक पटेल और रामबाबू पटेल की विशेष भूमिका रही।
कार्यक्रम का समापन सामूहिक भोजन के साथ हुआ।





