खाकी को धमकी देकर बुरे फंसे एआईयूडीएफ के पूर्व विधायक, आधी रात को पुलिस ने घर से ही नाप दिया!
चले थे पुलिस को बांधने, खुद बंध कर पहुंचे थाने; पूर्व विधायक अली अकबर मियां के बिगड़े बोल ने कराया 'अंदर'

राजा शर्मा,
धुबरी (असम) 23 मई 2026/असम.समाचार
आगामी कुर्बानी ईद (ईद-उल-अजहा) को लेकर बेहद आपत्तिजनक और भड़काऊ बयान देने के मामले में धुबरी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (AIUDF) के पूर्व विधायक अली अकबर मियां को देर रात उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया है। पूर्व विधायक पर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने का प्रयास करने और मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ अभद्र भाषा का प्रयोग करने का आरोप है।
तीन घंटे की पूछताछ के बाद गिरफ्तारी
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर पूर्व विधायक का एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ था, जिसके बाद पुलिस हरकत में आई। धुबरी पुलिस की एक टीम देर रात अली अकबर मियां के आवास पर पहुंची। करीब तीन घंटे तक चली कड़े घटनाक्रम और प्रारंभिक पूछताछ के बाद पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। फिलहाल उन्हें धुबरी सदर थाने में रखा गया है, जहाँ वरिष्ठ पुलिस अधिकारी उनसे लगातार पूछताछ कर रहे हैं।
’पुलिस को ही कुर्बानी दे दूंगा’— वायरल वीडियो में दी थी धमकी
वायरल वीडियो में पूर्व विधायक अली अकबर मियां बेहद आक्रामक तेवर में नजर आ रहे हैं। उन्होंने करीमगंज और धुबरी सहित असम के विभिन्न हिस्सों का जिक्र करते हुए जनता से कहा—
”अगर कुर्बानी ईद के दौरान कोई पुलिस अधिकारी अपनी दादागिरी या मनमानी दिखाने की कोशिश करता है, तो जनता उसे वहीं बांधकर तुरंत मुझे फोन पर खबर करे। मैं खुद मौके पर आऊंगा और उस पुलिस वाले की ही वहीं ‘कुर्बानी’ दे दूंगा (उसे सबक सिखा दूंगा)।”
इसके साथ ही उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के खिलाफ भी जमकर अपशब्दों और अमर्यादित भाषा का इस्तेमाल किया, जिससे स्थानीय लोगों और प्रशासन में भारी आक्रोश फैल गया।
प्रशासन की पैनी नजर
त्योहारों के सीजन में राज्य का माहौल शांतिपूर्ण बनाए रखने के लिए असम पुलिस पूरी तरह सतर्क है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि किसी को भी कानून हाथ में लेने या भड़काऊ बयानबाजी कर शांति भंग करने की इजाजत नहीं दी जाएगी। पूर्व विधायक के खिलाफ संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। आज उन्हें कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है।



