असमथर्ड आईधर्म और आस्थाराष्ट्रीयलेटेस्ट खबरें

बरपेटा रोड में गूंजा पुरुषोत्तम महिमा का अमृत, तीन दिवसीय कथा में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

ओपी शर्मा

बरपेटा रोड, 22 मई 2026/असम समाचार

बरपेटा रोड स्थित श्री राधाकृष्ण ठाकुरबाड़ी का पवित्र प्रांगण तीन दिनों तक भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा। धार्मिक महिला समिति, बरपेटा रोड के तत्वावधान में आयोजित “श्री पुरुषोत्तम अधिकमास महात्म्य कथा” का भव्य एवं भक्तिमय आयोजन 20 मई को सफलतापूर्वक संपन्न हो गया।

18 से 20 मई तक प्रतिदिन दोपहर 3:30 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित इस कथा महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्तों ने भाग लेकर धर्म लाभ अर्जित किया। कथावाचक पंडित रामदेव पारीक ने अपनी ओजस्वी वाणी से पुरुषोत्तम अधिकमास का महत्व, भगवान श्रीहरि की महिमा तथा मानव जीवन को धर्ममय बनाने वाले प्रेरणादायी प्रसंगों का सुंदर वर्णन किया।

आयोजन में पंडित विकास शर्मा ने माला एवं मंत्र जाप के माध्यम से धार्मिक वातावरण को और अधिक दिव्य बनाया, वहीं पवन शर्मा के मधुर भजनों ने श्रद्धालुओं को भक्ति रस में भावविभोर कर दिया। कथा स्थल पर लगातार “राधे-राधे” और “श्रीहरि” के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना रहा।

कथा के प्रथम दिवस अधिकमास के महत्व, गुरु महिमा, सत्संग एवं मानव जीवन के उद्देश्य पर विशेष प्रकाश डाला गया। द्वितीय दिवस व्रत, पूजन, जप-तप, दान तथा 33 मालपुओं के महत्व सहित शिव महिमा जैसे प्रसंगों ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। अंतिम दिवस भगवान की भक्ति, नामस्मरण, सेवा और पूर्ण समर्पण के महत्व पर प्रेरणादायी संदेश दिए गए।

कथा समापन अवसर पर श्रद्धालुओं ने भगवान श्री पुरुषोत्तम प्रभु से परिवार एवं समाज में सुख, शांति और समृद्धि की मंगलकामना की। आयोजन को सफल बनाने में धार्मिक महिला समिति की सभी सदस्यों का योगदान सराहनीय रहा।

समिति ने सभी श्रद्धालुओं, मातृशक्ति एवं सहयोगकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों के माध्यम से धर्म एवं संस्कारों के प्रचार-प्रसार का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!