गुवाहाटी में नकली नोट फैक्ट्री का भंडाफोड़, फ्लैट से चलता था करोड़ों के खेल का ‘प्रिंटिंग प्रेस’
तीन आरोपी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड फरार; प्रिंटर, नकली ₹500 के नोट, चार कारें और कई मोबाइल बरामद

विकास शर्मा,
गुवाहाटी 28 जून 2026/असम.समाचार
शहर के उत्तर जालुकबाड़ी स्थित एक फ्लैट में चल रही नकली नोट बनाने की फैक्ट्री का महानगर पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पश्चिम पुलिस जिले की एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए तीन शातिर जालसाजों को नकली नोटों के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अन्नास अली, रहीम मियां और जेहेरुल हक के रूप में हुई है। पूछताछ के बाद पुलिस ने उत्तर जालुकबाड़ी के मिलेनियम गार्डन स्थित एक फ्लैट पर छापा मारा, जहां लंबे समय से नकली नोट तैयार करने का अवैध कारोबार संचालित किया जा रहा था।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने बड़ी मात्रा में ₹500 के नकली नोट, हाई-क्वालिटी प्रिंटर, नकली नोट तैयार करने में इस्तेमाल होने वाले उपकरण और अन्य सामग्री बरामद की। इसके अलावा चार चारपहिया वाहन और कई मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, कार्रवाई की भनक लगते ही इस गिरोह का कथित मास्टरमाइंड साहिल मौके से फरार हो गया। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह फ्लैट में नकली नोट तैयार कर उन्हें देश के विभिन्न हिस्सों में भेजता था।
फिलहाल महानगर पुलिस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है और फरार मास्टरमाइंड सहित अन्य संभावित आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस गिरोह का संबंध किसी अंतरराज्यीय नेटवर्क से तो नहीं है।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि
“आज हमने अपने डीसीपी वेस्ट सर के मार्गदर्शन में एक अभियान चलाया था। इस अभियान में सबसे पहले हमने तीन व्यक्तियों को हिरासत में लिया। इसके बाद हमने चार गाड़ियों की तलाशी ली, जिनमें से एक गाड़ी से हमें भारी मात्रा में नकली नोट (जाल नोट) बरामद हुए।
इसके बाद, उनके नाम क्रमशः इस प्रकार हैं एक है जियाउल, एक है अमानुस और तीसरा है रहीम मिया। रहीम मिया का घर कूचबिहार में है, जियाउल का घर गोटाबाड़ी (गोरचुक) में है और अमानुस का घर बरपेटा में है।
इन तीनों से पूछताछ के बाद पता चला कि इनके साथ साहिल भी शामिल है। इस मिलेनियम अपार्टमेंट में साहिल किराएदार के रूप में एक फ्लैट में रह रहा था। उसके घर की तलाशी ली गई, मकान मालिक ने आकर दरवाजा खोला। तलाशी के दौरान उसके कमरे से नकली नोट बनाने की कई सामग्रियां मिलीं, जैसे लैपटॉप, कटर मशीन और 3 प्रिंटिंग मशीनें।
घर के अंदर से भी नकली नोट बरामद किए गए हैं। कुल मिलाकर ₹3,86,000 के नकली नोट जब्त किए गए हैं। साथ ही चार गाड़ियां, तीन प्रिंटर और पांच मोबाइल हैंडसेट भी जब्त किए गए हैं।”


