धान के खेत में उतरे कृषि मंत्री, पिजुष हजारीका कहा- अब मैं भी करूंगा खेती

विकास शर्मा,
नगांव, 28 जून 2026/असम.समाचार
राजनीति की व्यस्तताओं के बीच रविवार को एक अलग ही तस्वीर देखने को मिली, जब असम के कृषि एवं सिंचाई मंत्री पियूष हजारिका धान के खेत में किसानों के साथ उतरकर रोपाई करते नजर आए। बरहामपुर विधानसभा क्षेत्र के कंदली पंचायत अंतर्गत बरकछारी गांव में उन्होंने नारियल के पौधे भी लगाए और किसानों के साथ खेती-किसानी की गतिविधियों में हिस्सा लिया।
मंत्री ने कहा कि अब तक उन्होंने स्वयं खेत में उतरकर खेती नहीं की थी, लेकिन अब वह भी चरणबद्ध तरीके से खेती में सक्रिय भागीदारी करेंगे। उनका मानना है कि जब जनप्रतिनिधि खुद उदाहरण पेश करेंगे तो लोग भी कृषि के प्रति अधिक प्रेरित होंगे।
उन्होंने किसानों से केवल धान की खेती तक सीमित न रहने की अपील करते हुए कहा कि बागवानी, फल, फूल और सब्जियों की खेती में अधिक लाभ की संभावनाएं हैं। इसलिए आधुनिक और वैज्ञानिक खेती को अपनाकर किसान अपनी आय बढ़ा सकते हैं।
कार्यक्रम में बरहामपुर के विधायक जीतू गोस्वामी, नगांव के उपायुक्त देवाशीष शर्मा तथा कृषि विभाग के अधिकारी भी उपस्थित रहे। इस पहल का उद्देश्य किसानों को वैज्ञानिक खेती के लिए प्रोत्साहित करना और कृषि के प्रति नई सोच विकसित करना था।


