असमअसम.समाचार(स्पेशल)धर्म और आस्था

नगांव में व्रतधारियों ने भगवान भास्कर को दिया संध्याकालीन अर्घ्य,

36 घंटे के अखंड उपवास के बाद व्रतधारियों ने दिया संध्याकालीन अर्घ्य, जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि के साथ मनाया छठ महापर्व

जयप्रकाश सिंह

नगांव, 27 अक्टूबर 2025/असम.समाचार

चार दिवसीय छठ महापर्व के तीसरे दिन आज व्रतधारियों ने 36 घंटे का अखंड उपवास रखकर भगवान भास्कर को संध्याकालीन अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर कलंग नदी के किनारे बनाए गए घाटों पर बड़ी संख्या में व्रतधारी अपने परिवार के साथ पहुंचे।

शहर की विभिन्न पूजा समितियों ने घाटों की साफ-सफाई और सुरक्षा की पूरी व्यवस्था की थी। पुलिस प्रशासन द्वारा सीसीटीवी कैमरे लगाए गए थे ताकि किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। व्रतधारियों ने पारंपरिक परिधान पहनकर फल-फूल से भरे दौरे के साथ सूर्यदेव को अर्घ्य दिया। कुछ व्रतधारी दंडवत करते हुए घाट तक पहुंचे।

 

हालांकि इस वर्ष वातावरण में सामान्य उत्साह और गीत-संगीत का अभाव देखा गया। असम के लोकप्रिय गायक जुबीन गर्ग के निधन से समूचा राज्य शोक में डूबा हुआ है, जिसके कारण छठ गीतों की धुनें भी नहीं गूंजीं। घाटों पर श्रद्धालुओं ने पूजा आरंभ करने से पूर्व जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी।

सूर्य षष्ठी समाज कल्याण समिति, छठ व्रत समिति, भारतीय गंगा सेवा समाज समिति सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी और कार्यकर्त्ताओं ने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा से किया। विशेष रूप से स्वच्छता और व्यवस्था पर ध्यान दिया गया।

कल प्रातःकालीन अर्घ्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का विधिवत समापन होगा।

Related Articles

Back to top button
error: Content is protected !!